अतिशय क्षेत्र कचनेर वार्षिक यात्रा महामहोत्सव का धर्म ध्वजारोहण के साथ भव्य शुभारंभ
आचार्य सुयशगुप्तजी महाराज के सानिध्य में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, देशभर से पहुंचे हजारों जैन श्रद्धालु
छत्रपति संभाजीनगर।
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्री 1008 चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कचनेर में चार दिवसीय वार्षिक यात्रा महामहोत्सव का शुभारंभ आज बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में धर्म ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर आचार्य श्री सुयशगुप्तजी महाराज ससंघ, आर्यिका शुभमती माताजी, आर्यिका सुनयमती माताजी, क्षुल्लक सुपर्वसागरजी महाराज एवं क्षुल्लिका सुलभमती माताजी का सानिध्य प्राप्त हुआ।यात्रा महामहोत्सव के अंतर्गत मुंबई के सिद्धेश शाह, श्रुति शाह, आशिष शाह, श्वेता शाह तथा पुष्पल, दिया, साची, अस्मी सहित बुधेधर परिवार (पारोलावाले) के सौजन्य से धर्म ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात भगवान का पंचामृत अभिषेक संपन्न हुआ।
विभिन्न धार्मिक क्रियाओं का मिला पुण्यलाभभगवान के सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनने का सौभाग्य राहुल पालबे, मुंबई को प्राप्त हुआ। शांति मंत्र का पुण्यलाभ ज्योति जायफळे परिवार को मिला। जलाभिषेक का सौभाग्य नीरज नेमीचंद काला, घी अभिषेक का सौभाग्य दिलीप धीरज चौधरी जैन तथा अर्घ्यफल चढ़ाने का पुण्यलाभ सौ. सुनीता प्रमोदकुमार कासलीवाल को प्राप्त हुआ।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, पग-पग पर दिखाई दी धर्म की आस्था
महामहोत्सव में छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, पुणे, लखनऊ, नागपुर, हैदराबाद, इंदौर, कोल्हापुर, सातारा, सांगली, देऊलगांव राजा, जालना, आडूळ, पाचोड, एलोरा, कचनेर, सिल्लोड, कन्नड़, गेवराई सहित अनेक स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। चार दिवसीय आयोजन को लेकर महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है।

विशेष रूप से परभणी, हिंगोली, केसापुरी, आष्टी, मुरुड, वडोद बाजार, श्रीरामपुर, चिखली, जालना, जिंतूर, औरंगाबाद, कळमनुरी, सेलू, मानवत, पंचाळेश्वर, पालखेड़ एवं साजगज सहित विभिन्न स्थानों से पैदल यात्रियों की टोलियां और दिंडियां क्षेत्र में पहुंची हैं।


मंदिरों का संरक्षण और जीर्णोद्धार हमारी जिम्मेदारी : आचार्य सुयशगुप्तजी महाराज
इस अवसर पर आचार्य श्री सुयशगुप्तजी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि जैन मंदिर केवल पूजा-अर्चना के स्थान नहीं हैं, बल्कि वे हमारे धर्म, संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के प्रतीक हैं। अनेक प्राचीन जैन मंदिरों में हमारे पूर्वजों ने अपनी श्रद्धा, भक्ति और त्याग के माध्यम से धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखा है।
इस अमूल्य धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इसके लिए जैन मंदिरों का संरक्षण, संवर्धन एवं जीर्णोद्धार अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक श्रावक को अपनी क्षमता के अनुसार मंदिरों के जीर्णोद्धार में आर्थिक एवं अन्य प्रकार से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।
पैदल यात्रियों के लिए जगह-जगह भोजन और जलपान की व्यवस्था
यात्रा महामहोत्सव में आने वाले पैदल यात्रियों की सेवा के लिए आडूळ दिगंबर जैन समाज की ओर से लगातार चार दिनों तक आडूळ मार्ग से आने वाली सभी पैदल दिंडियों के लिए आवास, जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है।
छिंदौन-भिंदौन मार्ग पर पार्श्वनाथ ग्रुप, जैन फ्रेंड्स ग्रुप, चंद्रप्रभु ग्रुप, आडूळ जैन समाज, लोहाड़े परिवार, परसोदावाला परिवार एवं देशमुखनगर स्थित मल्लिनाथ दिगंबर जैन मंदिर ग्रुप के साथ रगोली परिवार, जिनवाणी परिवार और बजाजनगर महिला मंडल सहित विभिन्न संस्थाओं एवं परिवारों की ओर से जलपान और अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इसी प्रकार चित्तेगांव मार्ग से आने वाले पैदल श्रद्धालुओं के लिए भी जगह-जगह जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। समाज के विभिन्न संगठनों और परिवारों ने सेवा एवं सहयोग के माध्यम से यात्रियों का स्वागत किया।
यात्रा महोत्सव को सफल बनाने के लिए समस्त विश्वस्त मंडल, कार्यकारिणी मंडल, यात्रा नियोजन समिति के संयोजक, सहसंयोजक, सदस्य एवं कर्मचारी अथक प्रयास कर रहे हैं।
24 नवंबर को होगा मुख्य महामस्तकाभिषेक एवं भव्य रथयात्रा
मंगलवार, 24 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर यात्रा महोत्सव का मुख्य धार्मिक आयोजन होगा। सुबह 10 बजे बोलिया एवं मूलनायक श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ भगवान का पंचामृत महामस्तकाभिषेक एवं प्रवचन आयोजित किया जाएगा। छत्रपति संभाजीनगर के श्री णमोकार भक्ति मंडल द्वारा संगीतमय वातावरण में यह धार्मिक समारोह संपन्न होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाप्रसाद, दोपहर 3 बजे जलयात्रा, पालकी एवं रथयात्रा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 7 बजे आरती, शास्त्र एवं स्वाध्याय तथा शाम 7.30 बजे सर्वसाधारण सभा का आयोजन किया गया है।: नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल, प्रचार-प्रसार संयोजक, छत्रपति संभाजीनगर से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
