‘गुरुत्वाकर्षण’ नाटिका के मंचन से नई पीढ़ी को गुरु-भक्ति, त्याग और समर्पण का मिलेगा संदेश
26 नवंबर को आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के 55वें आचार्य पदारोहण दिवस पर जवाहर रंगमंच, अजमेर में होगा विशेष मंचन, गुरु-शिष्य परंपरा के अनूठे प्रसंगों को जीवंत करेगी नाटिका**
अजमेर।
गुरु केवल मार्गदर्शक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले प्रेरणास्रोत होते हैं। गुरु की तपस्या, करुणा, त्याग और शिष्य के समर्पण से निर्मित गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इसी आध्यात्मिक परंपरा और गुरु के प्रति समर्पण की भावना को मंच पर जीवंत करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को *‘गुरुत्वाकर्षण’* नाटिका का विशेष मंचन किया जाएगा।
संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के 55वें आचार्य पदारोहण दिवस के अवसर पर शाम 6:30 बजे अजमेर के जवाहर रंगमंच पर आयोजित इस नाटिका में आचार्य श्री ज्ञानसागर महाराज और उनके शिष्य आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के बीच गुरु-शिष्य संबंधों की गहराई, सेवा, त्याग, तपस्या और समर्पण के प्रेरक प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। नाटिका के माध्यम से दर्शकों को गुरु की आज्ञा, आदर्शों और संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश मिलेगा।


आयोजन से जुड़े अंशुल जैन ने बताया कि यह कार्यक्रम श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र, नाका मदार में विराजित मुनि निष्पक्षसागर एवं मुनि निस्सहसागर महाराज की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। इससे पूर्व तीर्थ क्षेत्र में आयोजित धर्मसभा में मुनि श्री ने कहा था कि सच्ची गुरुभक्ति केवल गुरु की वंदना तक सीमित नहीं है, बल्कि गुरु की आज्ञा का पालन करना और उनके आदर्शों एवं संस्कारों को अपने जीवन में उतारना ही वास्तविक गुरुभक्ति है।


गोलू जैन कोलानायक ने बताया कि इस आयोजन को श्री जिनशासन गौरव भूमि वर्षायोग समिति एवं विद्योदय संवेदना फाउंडेशन इकाई, अजमेर की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
*गुरु-शिष्य परंपरा की भावनात्मक गहराई और आध्यात्मिक संदेश को अभिव्यक्त करने वाली यह नाटिका नई पीढ़ी को संस्कार, अनुशासन, त्याग और गुरु के प्रति समर्पण का प्रेरक संदेश देने का प्रयास होगी।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
