108 बाल स्वरूपों में साकार हुए आचार्य शांतिसागर छाणी, कोटा में गूंजा गुरु भक्ति और धर्म प्रभावना का संदेश

धर्म

108 बाल स्वरूपों में साकार हुए आचार्य शांतिसागर छाणी, कोटा में गूंजा गुरु भक्ति और धर्म प्रभावना का संदेश

समाधिस्थ आचार्य श्री शांतिसागर जी छाणी महाराज के जीवन पर भावपूर्ण नाट्य मंचन, 108 बच्चों ने धारण किया मुनिराज का स्वरूप

गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित विशाल धर्मसभा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का अनंतिम प्रमाणपत्र, देशभर में धर्म प्रभावना के लिए निकलेगा विशेष रथ

कोटा।
त्याग, तपस्या, संयम और आध्यात्मिक साधना की गौरवशाली परंपरा के संवाहक समाधिस्थ आचार्य श्री 108 शांतिसागर जी महामुनिराज (छाणी) के आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को श्री दिगंबर जैन मंदिर धर्मशाला विज्ञान नगर में भक्ति, श्रद्धा और धर्म प्रभावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजमल
पाटोदी एवं विनोद जैन टोरडी ने बताया कि भारत गौरव गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी के पावन सानिध्य में आयोजित विशाल धर्मसभा में 108 नन्हे बालकों ने मुनि शांति सागर का स्वरूप धारण कर आचार्य शांतिसागर जी महाराज के व्यक्तित्व और साधना की जीवंत झलक प्रस्तुत की। मंच पर एक साथ 108 बाल स्वरूपों का दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस ऐतिहासिक आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।
महामंत्री अनिल ठोरा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण और अष्टद्रव्य से आचार्य शांति सागर जी महाराज छाणी की पूजन के साथ हुआ। आचार्य शांतिसागर जी महाराज छाणी के आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष 2026-27 के शुभारंभ के साथ आयोजित इस समारोह में देशभर से गुरु भक्त और जैन समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आचार्य श्री के त्यागमय जीवन, साधना, धर्म प्रभावना और दिगंबर जैन मुनि परंपरा के पुनर्जागरण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।

 

 

108 बालकों ने प्रस्तुत किया अनूठा दृश्य, शांतिसागर बने नन्हे बालक
मंत्री पी के हरसोरा ने बताया कि समारोह का सबसे आकर्षक और भावनात्मक दृश्य तब सामने आया, जब 108 नन्हे बालकों ने मुनि स्वरूप में पिच्छिका के प्रतीक चिह्न धारण कर मंच पर एक साथ प्रवेश किया। सभी बालकों को आचार्य शांतिसागर जी महाराज के स्वरूप में देखकर पूरा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। एक साथ 108 बाल स्वरूपों की इस अनूठी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अभिभूत कर दिया। आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया गया। प्रमाणपत्र में आचार्य श्री शांतिसागर जी छाणी महाराज पर आयोजित सबसे बड़ी धर्मसभा का विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास का उल्लेख किया गया है। 22 नवंबर 2026 को कोटा के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित इस सत्र के लिए गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी के नाम का उल्लेख करते हुए प्रमाणपत्र जारी किया गया।

 

गुरु के जीवन की गाथा ने किया भावविभोर
रितेश सेठी ने बताया कि समारोह में आचार्य श्री शांतिसागर जी महामुनिराज (छाणी) के जीवन पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया। कलाकारों ने उनके जन्म से लेकर वैराग्य, दीक्षा और आचार्य पद तक की प्रेरणादायी यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार गृहस्थ जीवन के केवलदास ने वैराग्य धारण कर दिगंबर मुनि शांतिसागर के रूप में आध्यात्मिक ऊंचाइयों को प्राप्त किया। कलाकारों के सजीव अभिनय और भावपूर्ण संवादों ने दर्शकों को गुरु के जीवन से जोड़ दिया। प्रस्तुति के दौरान कई बार पांडाल तालियों से गूंज उठा।

 

आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष के शुभारंभ पर आयोजित इस समारोह में आचार्य श्री के जीवन, उपदेशों और धर्म प्रभावना को समर्पित तीन प्रकाशनों ‘शांति संदेश ज्योतिर्धर’, ‘पदारोहण वर्ष पत्रिका’ एवं ‘शांति सागर जीवन परिचय’ का विमोचन भी किया गया। इन प्रकाशनों के माध्यम से आचार्य श्री के व्यक्तित्व, कृतित्व और आध्यात्मिक योगदान को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

देशभर में धर्म प्रभावना करेगा विशेष रथ
अनिल ठोरा ने बताया कि कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के उपदेशों और उनके विराट व्यक्तित्व को देशभर में प्रचारित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष धर्म प्रभावना रथ का लोकार्पण रहा। अखिल भारतीय तीर्थ संरक्षणी महासभा के अध्यक्ष गजराज जैन ने इस रथ का लोकार्पण किया। रथ के माध्यम से देश के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में पहुंचकर आचार्य श्री के जीवन दर्शन, उपदेशों, साधना और धर्म के लिए किए गए कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

मुख्य अतिथि एवं आचार्य श्री 108 शांतिसागर आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष समिति के अध्यक्ष हंसमुख जैन गांधी ने कहा कि शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में अनेक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विचार गोष्ठियां, संगोष्ठियां, कीर्ति स्तंभ की स्थापना सहित विभिन्न आयोजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कोटा से लोकार्पित धर्म प्रभावना रथ देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर गुरु के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा।
उन्होंने समाज से आगामी जनगणना में जैन धर्म का उल्लेख सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि धर्म के कॉलम में जैन धर्म का नाम अवश्य दर्ज कराएं। समाज अपनी धार्मिक पहचान और परंपरा के प्रति जागरूक रहे।

माताजी ने बताया आचार्य श्री के जीवन का महत्व

गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी ने अपने प्रवचन में आचार्य श्री 108 शांतिसागर जी महामुनिराज (छाणी) के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री का संपूर्ण जीवन त्याग, तप, संयम, अहिंसा, स्वाध्याय और आत्मकल्याण की साधना को समर्पित रहा। वे उत्तर भारत में दिगंबर जैन मुनि परंपरा को पुनर्जीवित करने वाले प्रमुख आचार्यों में शामिल थे। उन्हें प्रशममूर्ति जैसी उपाधियों से भी स्मरण किया जाता है।

माताजी ने बताया कि आचार्य श्री का जन्म 31 अक्टूबर 1888 को राजस्थान के छाणी गांव में हुआ था। उन्होंने अपने तप, त्याग और साधना से दिगंबर जैन परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान की। उनके द्वारा दीक्षित शिष्यों के माध्यम से छाणी परंपरा का विस्तार हुआ और अनेक मुनि, आचार्य एवं साधु-साध्वियों ने धर्म प्रभावना को आगे बढ़ाया। उनकी परंपरा में प्रथम पट्टाधीश आचार्य श्री 108 सूर्यसागर जी महाराज का महत्वपूर्ण स्थान रहा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1933 में ब्यावर में आचार्य शांतिसागर जी (दक्षिण) और आचार्य शांतिसागर जी (छाणी) का एक साथ चातुर्मास होना जैन इतिहास की महत्वपूर्ण घटना रही। आचार्य श्री ने 17 मई 1944 को राजस्थान के सागवाड़ा में समाधिमरण के माध्यम से देह त्याग किया। उनका जीवन आज भी जैन समाज को महाव्रत, अपरिग्रह, अहिंसा, भिक्षाचर्या, स्वाध्याय और पैदल विहार जैसी साधना परंपराओं के प्रति प्रेरित करता है।

विशिष्ट अतिथियों का हुआ सम्मान, गुरु भक्ति में जुटा समाज

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिल्ली के गजराज गंगवाल सहित हसमुख गांधी एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गुरु भक्तों की उपस्थिति रही। मंच संचालन डॉ. अनुपम जैन, इंदौर एवं यथार्थ पाटनी कोटा ने किया।
महामंत्री अनिल ठोरा ने बताया कि कार्यक्रम में पाद प्रक्षालन का सौभाग्य आनंद जैन, दिल्ली को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट का पुण्यार्जन श्रेय जैन, सिद्धार्थ जैन, सुरेश जैन, मुंबई, पिस्ताबाई, हसमुख जैन गांधी एवं सुनील जैन बंधु को मिला। वस्त्र भेंट का सौभाग्य सुनील जैन बंधु को प्राप्त हुआ। वहीं धर्म प्रभावना रथ के उद्घाटन का पुण्य अवसर मुख्य अतिथि गजराज गंगवाल को मिला।
कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज के संरक्षक राजमल पाटोदी, विमल जैन नांता, विनोद टोरडी, अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बड़ला, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, मनोज जायसवाल, मनोज आदिनाथ, नरेश वेद, पीयूष बज, योगेश मुरेना, संजय जैन, मंत्री पी.के. हरसोरा, रितेश सेठी, ताराचंद बड़ला, राजेंद्र गोधा, पारस जैन आदित्य एवं अमित जैन चीकू सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अनिल जैन ठोरा से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *