हाथ में आईफोन हो, दिल में भारतीयता हो – आधुनिकता के साथ संस्कारों का संगम जरूरी : अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज
जींस पहनना गलत नहीं, लेकिन बड़ों का अपमान करना गलत है; अंग्रेजी बोलना गलत नहीं, लेकिन मातृभाषा को भूल जाना गलत है – पुष्पगिरी तीर्थ में आचार्यश्री ने दिया संस्कारों से जुड़ने का संदेश
सोनकच्छ (पुष्पगिरी तीर्थ)।
आधुनिकता के इस डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। आज की युवा पीढ़ी आधुनिक साधनों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही है, लेकिन इस दौड़ में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को पीछे नहीं छोड़ना चाहिए। हाथ में आईफोन हो, लेकिन दिल में भारतीयता हो, यही जीवन का वास्तविक आदर्श होना चाहिए। आधुनिकता अपनाइए, लेकिन अपनी संस्कृति और संस्कारों को कभी मत भूलिए। यह प्रेरणादायी संदेश अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागरजी महाराज ने पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए दिया।
परम पूज्य पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागरजी महाराज के पावन सानिध्य में अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय श्री पीयूष सागरजी महाराज का वर्षायोग पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में भक्ति, धर्म और उत्साह के साथ चल रहा है। इसी धार्मिक एवं आध्यात्मिक श्रृंखला में आचार्यश्री ने आधुनिकता और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं एवं समाजजनों को जीवन की सही दिशा दिखाई।


आधुनिकता गलत नहीं, संस्कारों को भूलना गलत
आचार्यश्री ने कहा कि जींस पहनना गलत नहीं है, लेकिन जींस पहनकर बड़ों का अपमान करना गलत है। अंग्रेजी बोलना गलत नहीं है, लेकिन अपनी मातृभाषा को भूल जाना गलत है। आधुनिक विचार रखना गलत नहीं है, लेकिन अपनी संस्कृति से विमुख हो जाना गलत है। आधुनिकता का अर्थ अपनी जड़ों को छोड़ना नहीं, बल्कि अपनी पहचान को और अधिक मजबूत बनाना है।


तकनीक दुनिया से सीखो, संस्कार अपनी संस्कृति से लो
आचार्यश्री ने आधुनिक जीवनशैली का सुंदर उदाहरण देते हुए कहा कि सुबह योग और प्रार्थना हो, दिन में पढ़ाई और तकनीक का उपयोग हो तथा शाम को परिवार के साथ समय बिताया जाए। यही एक आदर्श और संतुलित जीवनशैली है। तकनीक का उपयोग ज्ञान, विकास और प्रगति के लिए होना चाहिए, न कि अपनों से दूरी बनाने के लिए।

भारतीय संस्कृति में छिपा है विश्व कल्याण का संदेश
भारतीय संस्कृति की महानता बताते हुए आचार्यश्री ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘अतिथि देवो भवः’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ केवल पुस्तकों में लिखे हुए वाक्य नहीं हैं, बल्कि हमारी जीवनशैली और महान परंपराओं के आधार हैं। इन आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारना ही सच्ची भारतीयता है।
डिजिटल युग में भी जीवित रहें संस्कार
आचार्यश्री ने कहा कि आज डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए भी संस्कारों को जीवित रखा जा सकता है। व्हाट्सऐप पर भी प्रणाम लिखा जा सकता है, इंस्टाग्राम पर भी अच्छे विचार साझा किए जा सकते हैं और मोबाइल के माध्यम से भी अपनी संस्कृति, भाषा एवं परंपराओं का सम्मान किया जा सकता है।
आधुनिक बनो, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहो
अपने प्रेरक संदेश में आचार्यश्री ने कहा कि आधुनिकता तुम्हारी पहचान को निखारे, मिटाए नहीं। तकनीक तुम्हें आगे बढ़ाए, अपनों से दूर न करे। जीवन में आधुनिकता और संस्कार दोनों का संतुलन होना आवश्यक है। आधुनिक बनो, शिक्षित बनो, तकनीक से जुड़ो, लेकिन अपने परिवार, मातृभाषा, संस्कृति और संस्कारों को कभी मत भूलो।
आचार्यश्री का यह संदेश आज की युवा पीढ़ी के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। वास्तव में आधुनिकता तभी सार्थक है, जब उसके साथ विनम्रता, संस्कार, पारिवारिक मूल्य और भारतीय संस्कृति का सम्मान भी बना रहे।
प्रचार-प्रसार संयोजक
नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल
औरंगाबाद (महाराष्ट्र) से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
