65वें दीक्षा दिवस पर आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरुदेव ने किया गुरु स्मरण,

धर्म

*65वें दीक्षा दिवस पर आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरुदेव ने किया गुरु स्मरण,

 

सुनाई तपस्वी सम्राट आचार्य श्री सन्मतिसागरजी के संघर्ष की गाथ*

नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर।
आचार्य श्री सनमति सागरजी महाराज के 65वें दीक्षा दिवस के पावन अवसर पर आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरुदेव ने अपने गुरु का भावपूर्ण स्मरण करते हुए प्रवचन में उनके जीवन के संघर्ष, त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक उत्कर्ष की प्रेरणादायी गाथा सुनाई।

 

 

गुरुदेव ने कहा कि “शुरुआत करने के लिए आपका महान होना जरूरी नहीं है, लेकिन महान बनने के लिए शुरुआत करना जरूरी है।” उन्होंने बताया कि जिस समय तपस्वी सम्राट ने तप और त्याग के मार्ग पर चलने की शुरुआत की थी, उस समय वे कोई महान व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि एक साधारण परिवार में जन्मे बालक थे।

 

 

तपस्वी सम्राट का जन्म उत्तर प्रदेश के एटा के समीप छोटे से गांव फफोतू में हुआ था। उनके पिता श्री प्यारे लालजी एवं माता श्रीमती जयमाला जी ने उन्हें संस्कारों से सिंचित किया। गांव में शिक्षा की सीमित सुविधाएं थीं और विद्यालय भी छोटा था। जीवन ने बचपन में ही कठिन परीक्षा ली। मात्र 9-10 वर्ष की आयु में उनके पिता का देहांत हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता को परिवार का छत्र और सर्वस्व बताते हुए गुरुदेव ने कहा कि माता-पिता को कभी भी व्यर्थ या अनुपयोगी नहीं समझना चाहिए, उनका जीवन में बहुत बड़ा महत्व होता है।

 

 

पांच बहनों और दो भाइयों वाले परिवार के सामने पालन-पोषण की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई। कुछ दूर के रिश्तेदारों ने सहायता की, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ नजदीकी रिश्तेदारों ने ही उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया। इन कठिन परिस्थितियों ने बचपन से ही उन्हें संघर्ष करना सिखाया।

इस प्रसंग के माध्यम से गुरुदेव ने संदेश दिया कि जीवन में कैसी भी परिस्थिति आ जाए, कभी घबराना नहीं चाहिए। संघर्ष करते रहना चाहिए, क्योंकि बिना संघर्ष के कोई महान नहीं बनता।

आगे चलकर वे शिक्षा के लिए एटा गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनकी सरकारी सर्विस मलेरिया विभाग में लगी। हालांकि सांसारिक नौकरी के बीच भी उनकी रुचि कहीं और थी। उनके भीतर आध्यात्मिक जीवन की एक अलग ही प्रेरणा जागृत हो रही थी। इसी क्रम में फिरोजाबाद में आचार्य श्री महावीर कीर्तिजी महाराज के दर्शन हुए। यह आध्यात्मिक संपर्क उनके जीवन की दिशा बदलने वाला सिद्ध हुआ।

आगे चलकर उन्होंने अपनी इंद्रियों पर विजय प्राप्त करते हुए तप, त्याग और संयम के मार्ग को अपनाया और तपस्वी सम्राट आचार्य श्री सनमति सागरजी महाराज के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरुदेव ने अपने गुरु के जीवन का स्मरण कराते हुए बताया कि महानता किसी को जन्म से प्राप्त नहीं होती, बल्कि संघर्ष, संस्कार, दृढ़ संकल्प, तप और त्याग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को महान बनाता है।

माही जैन धीरावत पीपलखूंट प्रतापगढ़ से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *