पीएनसी परिवार के भव्य आयोजन में सिद्धचक्र महामंडल विधान की भक्ति से गूंजा आगरा, दूसरे दिन अर्पित किए 16 अर्घ्य
मुनिश्री समत्वसागर जी ससंघ के मंगल सान्निध्य में हुई विशेष शांतिधारा, जिनेंद्र भगवान की आराधना से भक्तिमय हुआ डी-ब्लॉक कमला नगर
आगरा।
अष्टानिका महापर्व की पावन बेला में ताजनगरी आगरा धर्म और भक्ति के रंग में रंगी हुई है। पीएनसी परिवार, आगरा के तत्वावधान में डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर के सामने विशाल आयोजन स्थल पर चल रहे नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के दूसरे दिन बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। विधान के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच सिद्धचक्र महामंडल पर 16 अर्घ्य समर्पित कर जिनेंद्र भगवान की आराधना की। मुनिश्री 108 समत्वसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में हुए धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर जिनेंद्र भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

पीएनसी परिवार के प्रदीप जैन के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य धार्मिक महोत्सव में मुनिश्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ का मंगल सान्निध्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है। युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं विधिपूर्वक संपन्न हुईं।


विशेष शांतिधारा और 16 अर्घ्यों से की सिद्धों की आराधना
प्रातःकाल मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रीजी का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान के समक्ष अर्घ्य समर्पित कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना की। सिद्धचक्र महामंडल विधान की विशेष धार्मिक क्रियाओं के अंतर्गत मंडल पर 16 अर्घ्य अर्पित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, समर्पण और भक्ति देखते ही बन रही थी। भक्ति संगीत और जिनेंद्र भगवान के जयकारों ने आयोजन स्थल को धर्ममय बना दिया।


आत्मा को अशुद्धता से शुद्धता की ओर ले जाना ही धर्म का उद्देश्य : मुनिश्री समत्वसागर जी
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री 108 समत्वसागर जी महाराज ने धर्म, आत्मशुद्धि और सिद्ध भगवान की आराधना का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि संसार के प्रत्येक जीव को अशुद्धता से शुद्धता की ओर बढ़ने के लिए अपने परिणामों की विशुद्धि करना आवश्यक है। मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल धन, वैभव और संपत्ति अर्जित करना नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना है। जिनेंद्र भगवान की आराधना और सिद्ध परमेष्ठी का स्मरण जीव को आत्मिक शांति प्रदान करने के साथ मोक्षमार्ग की प्रेरणा देता है। मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को धार्मिक संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने तथा संयम और सदाचार के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।


मंगल आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दीपों से जगमगाया विशाल पंडाल
सायंकाल सात बजे आयोजन स्थल पर श्रीजी की भव्य मंगल आरती का आयोजन हुआ। दीपों की जगमगाहट, भक्ति संगीत और सामूहिक आराधना के बीच पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। महिला, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंगल आरती में सहभागिता कर पुण्यलाभ प्राप्त किया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही थी।

पीएनसी परिवार की सहभागिता से साकार हो रहा भव्य धर्म महोत्सव
अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान जैन समाज में धर्म, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रहा है। प्रदीप जैन पीएनसी सहित पूरे परिवार की सक्रिय सहभागिता और समर्पण से आयोजन को भव्य स्वरूप मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस धर्म महोत्सव के प्रति समाज की गहरी आस्था को दर्शा रही है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन एवं नेहा जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य और ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312
