27 नवंबर को जारी होगा संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज पर स्मारक डाक टिकट, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे लोकार्पण

धर्म

27 नवंबर को जारी होगा संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज पर स्मारक डाक टिकट, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे लोकार्पण

**भोपाल के विद्योदय तीर्थ परिसर में आचार्य श्री समयसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में होगा ऐतिहासिक समारोह, मिनिएचर शीट और प्रथम दिवस आवरण भी होंगे जारी

**भोपाल।**

संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की राष्ट्र, समाज और मानवता के प्रति अतुलनीय सेवाओं को अब भारतीय डाक विभाग भी स्मारक डाक टिकट के माध्यम से सम्मानित करेगा। आगामी 27 नवंबर 2026 को भोपाल में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के नाम पर स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगा। इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली अवसर पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया डाक टिकट का लोकार्पण करेंगे।

 

यह समारोह आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधिमरण के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने के प्रसंग पर आयोजित किया जा रहा है। आचार्य श्री के प्रति श्रद्धा और उनके राष्ट्रव्यापी योगदान को सम्मान देने की दिशा में यह निर्णय जैन समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय बन गया है।

### आचार्य श्री का योगदान बना राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का संपूर्ण जीवन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, शिक्षा, स्वदेशी और मानवीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना, भारतीय ज्ञान परंपरा, स्थापत्य कला, आयुर्वेद, चिकित्सा, प्रशासन, हस्तशिल्प, कौशल विकास, पशुधन संरक्षण, जीवदया, प्राणी मैत्री और मानवीयता जैसे अनेक क्षेत्रों में अपने विचारों एवं प्रेरणादायी कार्यों से राष्ट्र उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनकी प्रेरणा से समाज में शिक्षा, सेवा, स्वावलंबन, करुणा और नैतिक मूल्यों की अलख जागी। यही कारण है कि आचार्य श्री का व्यक्तित्व केवल जैन समाज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने संपूर्ण मानव समाज को जीवन जीने की नई दृष्टि प्रदान की।

### आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के सान्निध्य में होगा समारोह

भोपाल स्थित विद्योदय तीर्थ परिसर, हबीबगंज में विद्याकुल शिरोमणि वर्तमान आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में यह भव्य एवं गरिमामय आयोजन होगा। 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को अपराह्न 2 बजे से आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा स्मारक डाक टिकट का लोकार्पण किया जाएगा।

इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट के साथ मिनिएचर शीट, प्रथम दिवस आवरण (फर्स्ट डे कवर), विवरणिका तथा विशिष्ट मुहर भी जारी की जाएगी। इस प्रकार आचार्य श्री के जीवन और योगदान को डाक टिकट संग्रह के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष पहचान मिलेगी।

### डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के लिए भी ऐतिहासिक अवसर

इस आयोजन की एक विशेष बात यह है कि स्मारक डाक टिकट से संबंधित सभी सामग्रियां सीमित संख्या में और केवल एक बार मुद्रित की जा रही हैं। ऐसे में आचार्य श्री के अनुयायियों के साथ-साथ डाक टिकट संग्रहकर्ताओं, संस्थाओं और संगठनों के लिए भी यह सामग्री अपने संग्रह में सुरक्षित रखने का दुर्लभ अवसर होगा।

आयोजकों की ओर से देशभर के श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे 27 नवंबर को भोपाल पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और आचार्य श्री के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण प्रकट करें।

### सामग्री आरक्षित कराने के लिए यहां करें संपर्क

आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज से संबंधित स्मारक डाक टिकट, मिनिएचर शीट, प्रथम दिवस आवरण, विवरणिका एवं अन्य सामग्री प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति निम्न संपर्क सूत्रों पर जानकारी प्राप्त कर अपना आरक्षण करा सकते हैं।

– **राजेन्द्र जैन (राजू सेठ), भोपाल:** 97546-95958, 94253-04611
– **ब्रह्मचारी स्वप्निल जैन (गोलू भैया):** 78795-44118
– **योगेश जैन, होटल सरोज सागर, सागर:** 94251-71431, 93001-09995

आरक्षण के लिए पहले राशि जमा कराने के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी। जिनकी राशि पहले जमा होगी, उन्हें उसी वरीयता क्रम में सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

**निश्चित रूप से 27 नवंबर का दिन जैन समाज के इतिहास में एक विशेष स्थान रखेगा। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के विचारों, तप, त्याग और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को समर्पित यह स्मारक डाक टिकट आने वाली पीढ़ियों को भी उनके प्रेरणादायी जीवन से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।**

*संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी*

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *