हरितिमा पट्टी के पुराने पार्कों का बदलेगा स्वरूप, योग भवन से लेकर चौपाटी तक की मिलेगी सुविधा

राज्य

हरितिमा पट्टी के पुराने पार्कों का बदलेगा स्वरूप, योग भवन से लेकर चौपाटी तक की मिलेगी सुविधा

 

पालिकाध्यक्ष नरेंद्र काला ने किया पार्कों का निरीक्षण, अधिकारियों को विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश

 

रामगंजमंडी।

शहर में लंबे समय से बदहाल और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े पुराने पार्कों की सूरत अब बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। शहरवासियों को बेहतर हरित और मनोरंजक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला ने आज हरितिमा पट्टी में स्थित पुराने पार्कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इनके पुनर्विकास को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला ओर पालिका उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया ने बताया कि हरितिमा पट्टी में स्थित इन पार्कों की हालत लंबे समय से खराब है। उचित रखरखाव और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में यहां आने वाले आमजन को पार्कों का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। शहर के बीच स्थित इन पार्कों को विकसित कर आकर्षक और सुविधाजनक बनाया जा सकता है, जिससे बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा।

पालिकाध्यक्ष ने अधिशाषी अधिकारी दीपक नागर को निर्देश दिए कि इन पार्कों को व्यवस्थित रूप से पुनर्विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। पार्कों में योग और व्यायाम के लिए योग भवन बनाया जाए। बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक झूले लगाए जाएं तथा युवाओं और आमजन के लिए ओपन जिम की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही पार्कों में आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, हरियाली और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शाम के समय भी लोग परिवार के साथ यहां समय बिता सकें।

पार्क में विकसित होगी चौपाटी, बनेंगे कियोस्क

 

पालिकाध्यक्ष नरेंद्र काला ने पार्कों को केवल हरियाली तक सीमित न रखते हुए इन्हें शहर के प्रमुख मनोरंजन एवं सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की मंशा जताई। इसके लिए पार्क परिसर में व्यवस्थित रूप से कियोस्क बनाए जाने की योजना पर भी चर्चा की गई। इससे यहां चौपाटी के रूप में खान-पान की सुविधाएं विकसित हो सकेंगी और शहरवासियों को परिवार के साथ घूमने-फिरने के लिए एक बेहतर स्थान मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि शहर में पार्क केवल मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य, सामाजिक मेलजोल और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। नगर पालिका का प्रयास है कि शहर के पुराने पार्कों को नए स्वरूप में विकसित कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष अखलेश मेडतवाल, पार्षद राजेंद्र सोनी, चंदू सोनी, लोकेश पावेचा एवं पंकज पारेता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *