कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के श्रीचरणों में अभिनंदन एवं आभार पत्र भेंट कर व्यक्त की श्रद्धा* 

धर्म

कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के श्रीचरणों में अभिनंदन एवं आभार पत्र भेंट कर व्यक्त की श्रद्धा*

 

नेमी नगर जैन कॉलोनी,इंदौर।

आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ने कहा जीवन में विजय प्राप्त करनी है तो परिस्थितियों से नहीं, बल्कि स्वयं से जीतना सीखिए। जीवन बदलना है तो सबसे पहले अपनी सोच बदलिए। दुनिया को जीतने की ख्वाहिश छोड़कर अपने मन पर विजय प्राप्त करने का प्रयास कीजिए। स्वयं पर विजय प्राप्त करने का मार्ग दिखाने वाले भगवान वर्धमान महावीर स्वामी हैं। संसार में दूसरों को जीतने वाले वीर तो बहुत मिलते हैं, लेकिन स्वयं पर विजय प्राप्त करने वाले विरले ही होते हैं। ऐसे ही सच्चे वीर भगवान महावीर हैं।

गुरुदेव ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन परिवर्तन, आत्मविजय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल की समस्या से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। जल है तो कल है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल का उपयोग विवेकपूर्वक और आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। दुनिया में जल से बड़ा कोई अमृत नहीं है। प्रकृति ने हमें हवा और पानी जैसी अनमोल चीजें निःशुल्क प्रदान की हैं, लेकिन मनुष्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर स्वयं ही ऑक्सीजन के प्राकृतिक स्रोतों को समाप्त कर रहा है। हमें प्रकृति के उपकारों को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना होगा।

 

इसी अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने गुरुदेव के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुदेव के समक्ष अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुदेव, आपके पदार्पण से इंदौर की पावन भूमि पवित्र हुई है। आपकी तपस्या और साधना के समक्ष हम सभी इंदौरवासी नतमस्तक हैं।

 

उन्होंने कहा कि जहां संतों के चरण पड़ जाते हैं, वहां केवल मनुष्यों का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक प्राणी, जीव-जंतु और वृक्षों तक का कल्याण होता है। संतों के भीतर साधना, शक्ति और तपस्या का ऐसा प्रभाव होता है, जो कण-कण तक पहुंचता है। संतों की उपस्थिति संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देती है।

 

श्री विजयवर्गीयजी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सदैव यही कोशिश रहती है कि वे संतों के चरणों का स्पर्श कर सकें। गुरुदेव के समीप आकर चरण प्रक्षालन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिससे वे स्वयं को धन्य और अत्यंत आनंदित अनुभव कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीयजी ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अभिनंदन एवं आभार पत्र भी भेंट किया। पत्र के माध्यम से उन्होंने अपने हृदय की भावनाओं को गुरुदेव के समक्ष प्रस्तुत किया।

 

गुरुदेव की तपस्या, साधना और मंगलमयी कृपा से इंदौर की धरा आध्यात्मिक ऊर्जा और धर्ममय वातावरण से अभिसिंचित होती रही। संत सान्निध्य का यह अवसर इंदौरवासियों के लिए श्रद्धा, भक्ति और गौरव का विषय बना।

माही जैन धीरावत पीपलखूंट प्रतापगढ़ से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *