स्वर्गीय रमेशचंद जैन के देहदान से जागी नई अलख, 15 परिवारों ने लिया देहदान का संकल्प*

धर्म

*स्वर्गीय रमेशचंद जैन के देहदान से जागी नई अलख, 15 परिवारों ने लिया देहदान का संकल्प*
धामनोद// से दीपक प्रधान की विशेष रिपोर्ट
लोनारा में 10 और बामंदी में 5 लोगों ने किया देहदान का संकल्प; तेरहवीं पर 30 यूनिट रक्तदान, 50 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण, गौशाला ,मंदिर ,सामाजिक संस्थाओं को 51हजार का दान और ग्रामवासियों के लिए अन्नदान

लोनारा। किसी व्यक्ति का जीवन समाप्त होने के बाद भी उसके विचार और सेवा भावना समाज को नई दिशा दे सकते हैं। इसका जीवंत उदाहरण लोनारा ग्राम के प्रथम देहदानी स्वर्गीय रमेशचंद जैन ने प्रस्तुत किया है। उनके देहदान के बाद क्षेत्र में देहदान के प्रति ऐसी जागरूकता आई कि अब देहदान करने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। उनकी तेरहवीं के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके सुपुत्र आशीष जैन एवं पौत्र शाश्वत जैन ने भी देहदान का संकल्प लिया। वहीं लोनारा ग्राम के कुल 10 तथा समीपस्थ ग्राम बामन्दी के पांच लोगों ने भी मृत्यु उपरांत देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा का अनुकरणीय निर्णय लिया। इस प्रकार रमेशचंद जैन के एक निर्णय ने अनेक लोगों को मृत्यु के बाद भी समाज के काम आने की प्रेरणा दी।

 

 

स्वर्गीय रमेशचंद जैन की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामवासियों एवं जैन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 30 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ उनके सुपुत्र आशीष जैन एवं अमित जैन, पोती डॉ. आकांक्षा जैन तथा पोता शाश्वत जैन ने सर्वप्रथम रक्तदान करके किया। इसके बाद ग्रामवासियों और समाजजनों ने भी रक्तदान किया।

शिविर में प्रत्येक रक्तदाता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए एक पौधा तथा ज्ञान और संस्कारों के प्रसार के उद्देश्य से आलोक सेठी द्वारा लिखित पुस्तक ‘पिता भगवान के रूप में’ भेंट की गई। इस तरह रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण और साहित्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

देहदानी परिवार का अभिनंदन पत्र से सम्मान

इस अवसर पर सुनील जैन ईशान की ओर से देहदान के महान कार्य के लिए विशेष अभिनंदन पत्र तैयार करवाकर स्वर्गीय रमेशचंद जैन के सुपुत्र आशीष जैन एवं अमित जैन सहित परिवारजनों को भेंट किया गया। अभिनंदन पत्र के माध्यम से परिवार के त्याग, साहस और मानवता के प्रति समर्पण की सराहना की गई। परिवार के इस निर्णय को समाज के लिए अनुकरणीय बताया गया।

*50 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित, अर्थ दान के साथ सम्पूर्ण ग्रामवासियों के लिए अन्नदान*

सेवा गतिविधियों की श्रृंखला में सुनील जैन ईशान एवं दीपक जैन बामंदी ने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय लोनारा पहुंचकर ठंड को देखते हुए 50 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए। वहीं स्वर्गीय रमेशचंद जैन के परिवारजनों की ओर से ग्रामवासियों के लिए अन्नदान की व्यवस्था भी की गई। और विभिन्न संस्थाओं के लिए इक्यावन हजार रुपए का दान दिया ।

*डेढ़ घंटे चली श्रद्धांजलि सभा, वक्ताओं ने बताया लोनारा का इतिहास पुरुष*

इस अवसर पर आयोजित शोक एवं श्रद्धांजलि सभा में संपूर्ण निमाड़ जैन समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों सहित ग्राम लोनारा के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शोकसभा का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र जैन महावीर सनावद ने किया। उन्होंने स्वर्गीय रमेशचंद जैन के जीवन, व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों, आत्मीय व्यवहार और परोपकार की भावना से जुड़े अनेक प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि रमेशचंद जैन का देहदान केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि समाज को मानव सेवा की नई दिशा देने वाला प्रेरक कदम है।

सभा में पूर्व एयर मार्शल शशिकर चौधरी, सेवानिवृत्त पेंशनर संघ अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार, डॉ. आकांक्षा जैन, सुरभि जैन, , मीना जैन लोनारा, इंजीनियर सुभाष जैन (इंदौर), ईशान जैन (सूरत), शिखर चंद जैन (लोनारा), जवाहरलाल जैन (महेश्वर), अजय शाह (बेड़िया), दीपक प्रधान (धामनोद), रमेशचंद जैन पंधाना, संदीप जैन (बामनदी), अशोक प्रधान, जितेंद्र जैन (खरगोन), भूपेंद्र जैन (महेश्वर), परिमल जैन कसरावद सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके अतिरिक्त जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जगदीश पटेल, विधायक प्रतिनिधि नितिन पाटीदार, प्रशांत जैन, मोनू सनावद , पोरवाड़ सहायक फंड के अध्यक्ष राजमलजी, चौथमल जी खंडवा , अशोक मंडलोई बाबा, राधेश्याम पटेल लोनारा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

लगभग डेढ़ घंटे तक चली श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय रमेशचंद जैन के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का स्मरण करते हुए उन्हें लोनारा ग्राम का इतिहास पुरुष बताया। वक्ताओं ने कहा कि रमेशचंद जैन ने देहदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का मार्ग चुना। उनके इस निर्णय से प्रेरित होकर उनके परिवारजनों और ग्रामवासियों का देहदान के लिए आगे आना उनके विचारों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जैन परिवार द्वारा गुर्जर धर्मशाला लोनारा में फोटो स्टैंड दान में दिया गया।

इस प्रकार उनकी तेरहवीं का आयोजन केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रहकर देहदान जागरूकता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, अन्नदान और सामाजिक समरसता का प्रेरक अभियान बन गया। रमेशचंद जैन का देहदान अब एक व्यक्ति का निर्णय नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में मानव सेवा की नई अलख जगाने वाला आंदोलन बनता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *