कोटा की धरा पर आज  संत मिलन की दिव्य बेला, स्वस्तिभूषण माताजी और मुनिश्री योगसागर जी का होगा महामंगल मिलन

धर्म

।कोटा की धरा पर आज  संत मिलन की दिव्य बेला, स्वस्तिभूषण माताजी और मुनिश्री योगसागर जी का होगा महामंगल मिलन

**दोपहर 3 बजे विज्ञाननगर से दादाबाड़ी नसियांजी पहुंचेंगी माताजी ससंघ, भगवान आदिनाथ के दर्शन के बाद प्राप्त करेंगी मुनिश्री का मंगल आशीर्वाद, जैन समाज में छाई उत्साह की लहर**

**कोटा।*

* धर्मनगरी की पावन धरा पर कुछ ऐसे आध्यात्मिक क्षण आने वाले हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय तक अविस्मरणीय रहेंगे। आज कोटा में तप, त्याग, संयम और साधना के दो पूज्य संतों का मंगलमिलन होने जा रहा है। भारत गौरव, स्वस्तिधाम प्रणेत्री गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ और परमपूज्य ज्येष्ठ-श्रेष्ठ निर्यापक श्रमण मुनिश्री 108 योगसागर जी महाराज ससंघ के इस पावन मिलन को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है।

 

 

**दोपहर 3 बजे निकलेगी मंगल विहार यात्रा, संत मिलन के साक्षी बनेंगे श्रद्धालु**

विज्ञाननगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में विराजमान गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ आज शुक्रवार दोपहर 3 बजे दादाबाड़ी नसियांजी के लिए मंगल विहार करेंगी। नसियांजी पहुंचकर माताजी ससंघ सर्वप्रथम आराध्य 1008 भगवान आदिनाथ के दर्शन-वंदन करेंगी। इसके बाद वहां विराजमान निर्यापक श्रमण मुनिश्री योगसागर जी महाराज ससंघ के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त करेंगी।

यह मंगलमिलन श्रद्धा, विनय और आध्यात्मिक अनुराग की ऐसी अनुपम बेला होगी, जिसमें शामिल होना प्रत्येक साधर्मी के लिए सौभाग्य का विषय होगा। संतों के दर्शन और सानिध्य की अभिलाषा से समाजजन इस अवसर को लेकर उत्साहित हैं।

**नसियांजी में होगा रात्रि विश्राम, अगले दिन फिर विज्ञाननगर आएगी माताजी**

कार्यक्रम के अनुसार माताजी ससंघ का रात्रि विश्राम दादाबाड़ी नसियांजी में रहेगा। शनिवार 14 नवंबर को प्रातः 6:15 बजे माताजी ससंघ पुनः विज्ञाननगर मंदिर के लिए मंगल विहार करेंगी। विज्ञाननगर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में माताजी के मंगल प्रवचन एवं आहारचर्या संपन्न होगी।

**समाज ने किया भावभरा आमंत्रण**

श्री सकल दिगंबर जैन समाज समिति विज्ञाननगर एवं श्री सकल दिगंबर जैन समाज समिति कोटा ने समस्त साधर्मी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर मंगल विहार में सहभागी बनें और इस पावन संत मिलन के साक्षी बनकर धर्मलाभ प्राप्त करें।

संतों का सानिध्य जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है और ऐसे मंगल अवसर धर्म के प्रति आस्था एवं समर्पण को और प्रगाढ़ बनाते हैं।

    अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *