भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ चढ़ाया निर्वाण लाडू

धर्म

भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ चढ़ाया निर्वाण लाडू

सुरेश चंद्र गांधी, नौगामा जिला बांसवाड़ा राजस्थान की रिपोर्ट

नौगामा।

भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर नौगामा नगर में जैन समाज द्वारा दीपोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, भगवान महावीर समवशरण मंदिर एवं सुखोदय तीर्थ नसिया जी को आकर्षक विद्युत सजावट एवं दीपों से सजाया गया। वहीं नगर के धर्मप्रेमी बंधुओं ने अपने घरों के बाहर सुंदर रंगोलियां बनाकर दीप प्रज्वलित किए। संपूर्ण नगर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

 

निर्वाण महोत्सव की शुभ वेला में प्रातःकाल भगवान की शांतिधारा एवं अभिषेक के पश्चात भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू बड़े ही श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ चढ़ाया गया। इस अवसर पर नौगामा नगर की वे बेटियां, जिनका विवाह इस वर्ष अन्य गांवों में हुआ है, अपने पतियों के साथ पहुंचीं और भगवान के चरणों में निर्वाण लाडू चढ़ाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रथम निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य निलेश जैन एवं जीतमल जैन को प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोली ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाई दूज के पावन अवसर पर सुखोदय तीर्थ नसिया जी में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में ध्वजारोहण, भगवान महावीर स्वामी की विशेष पूजा-अर्चना तथा जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा।

इस वर्ष नौगामा नगर में विशेष उत्साह एवं धार्मिक उमंग का माहौल है। भगवान मुनि सुव्रत स्वामी की विशाल प्रतिमा के आगमन के साथ ही पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की भावना भी प्रबल हुई है। मंदिर निर्माण एवं विकास कार्य निरंतर प्रगति पर है।

इस धार्मिक आयोजन में पधारे सभी धर्मप्रेमी बंधुओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस मेले में आसपास के गांवों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु भगवान के दर्शन एवं धर्मलाभ प्राप्त करने पहुंचते हैं।

उक्त जानकारी जैन समाज प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *