आयोजन 7 नवम्बर 2026 बुधवार
संतों के आशीर्वाद से ही देश को मिल रही सही दिशा, अंतर्मना की ‘हर मास एक उपवास’ मुहिम से बदलेगा समाज : सईद अंसारी
पुष्पगिरी तीर्थ में 12वां महाआयोजन संपन्न, 84 संतों की सहभागिता के साथ विश्वव्यापी अभियान की ओर बढ़े कदम; दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव में प्रतिभाओं ने रंगोली, पोस्टर और रील के जरिए दिया स्वदेशी का संदेश
सोनकच्छ। ईश्वर ने प्रत्येक मनुष्य को किसी न किसी उद्देश्य के साथ जन्म दिया है। यदि जीवन का कोई उद्देश्य नहीं है तो मनुष्य और पशु के जीवन में कोई अंतर नहीं रह जाता। मैंने अपने जीवन में अनेक साक्षात्कार किए हैं, लेकिन आज संतों से मिलकर ऐसा महसूस हुआ कि मेरे अब तक के साक्षात्कार अधूरे थे। देश को वास्तविक दिशा देने का काम हमारे संत कर रहे हैं। पहली बार ऐसा लगा कि अंतर्मना जैन संत का सच्चा और आत्मीय आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। ‘हर मास एक उपवास’ अभियान केवल भोजन त्यागने की प्रेरणा नहीं देता, बल्कि क्रोध, वासना, लालच और जीवन के प्रत्येक विकार को दूर करने का मार्ग भी दिखाता है।

यह विचार प्रसिद्ध टीवी एंकर एवं आजतक के वरिष्ठ पत्रकार सईद अंसारी ने पुष्पगिरी तीर्थ में आयोजित ‘हर मास, एक उपवास’ के 12वें महाआयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में व्यक्त किए। आयोजन अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट तथा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।



कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में परम पूज्य डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी महाराज, कथा व्यास श्री तनयकृष्ण जी महाराज (पीठ श्री तुलसी रामायण भागवत, वृंदावन), श्रद्धेय सुलभ शांतु गुरुजी (श्री करुणाश्रय सेवा न्यास, उज्जैन), पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के प्रवक्ता श्री एस.के. तिजारावाला तथा विद्या भारती के संघ प्रभारी श्री विष्णु आर्य उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुनि नेगम सागर जी महाराज ने मंगलाचरण किया। पुष्पगिरी परिवार के सुभाष जैन, अशोक डोषी, मनीष जैन, आकाश जैन सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का पगड़ी, दुपट्टा एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया। जैनाचार्य पुष्पदंत सागर जी महाराज एवं अंतर्मना गुरुदेव द्वारा अतिथियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया गया।वही पत्रकार शकील खान, ग्राम विद्याभारती संघ के श्री जसपाल सिंह सेंधव का भी स्वागत भी किया गया।



पतंजलि परिवार की ओर से श्री एस.के. तिजारावाला ने कहा कि दीपावली का पर्व अज्ञानता के अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। संतों के आशीर्वाद से शुरू हुए ‘हर मास एक उपवास’ अभियान में अब तक 84 संतों की सहभागिता हो चुकी है। यह अभियान शीघ्र ही संपूर्ण विश्व को उपवास की प्रेरणा से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ेगा।




संत सुलभ शांतु गुरुजी ने कहा कि दिगंबर होना जीवनभर के उपवास का उद्घोष है। वास्तविक सम्राट दिगंबर संत होते हैं। जैन धर्म की गौशालाओं में पशु भी शाम छह बजे के बाद आहार ग्रहण नहीं करते। ऐसे में मनुष्य भी उपवास के माध्यम से अपने जीवन को विकारों से मुक्त कर सकता है। हर मास एक उपवास जनकल्याण का संकल्प है, जिससे देश और दुनिया का कल्याण संभव है।


डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी महाराज ने कहा कि गुरुदेव की यह मुहिम संपूर्ण संसार के लिए कल्याणकारी सिद्ध होगी। एक दिन के व्रत-उपवास की शक्ति के चमत्कार से पूरी दुनिया परिचित होगी। कथा व्यास तनयकृष्ण जी महाराज ने कहा कि उपवास का अर्थ केवल भोजन से दूर रहना नहीं है, बल्कि अच्छा बोलना, अच्छा सुनना और सत्संग करना भी उपवास की साधना का हिस्सा है। संतों द्वारा दुनिया को दिया गया यह एक अनूठा और सुंदर विकल्प है।

जैनाचार्य पुष्पदंत सागर जी महाराज ने उपवास के माध्यम से स्वयं के भीतर झांककर निज स्वरूप के दर्शन करने की प्रेरणा दी। वहीं अभियान के प्रेरणास्तंभ अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागर जी महाराज ने दीपावली पर स्वदेशी अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि इस दीपावली अपने आसपास के किसी जरूरतमंद स्वदेशी उत्पाद विक्रेता से सामान खरीदकर उसे अपनापन दें, ताकि वह भी अपने परिवार के साथ उत्साहपूर्वक दीपावली मना सके। आज का आयोजन पूर्ण रूप से ‘वोकल फॉर लोकल’ को समर्पित है। यदि भारत का प्रत्येक व्यक्ति महीने में एक उपवास करने का संकल्प ले तो आने वाले समय में भारत समर्थ और स्वस्थ राष्ट्र बन सकता है।
दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव में प्रतिभाओं ने दिखाई रचनात्मकता
प्रवक्ता रोमिल जैन ने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर मां जिनवाणी पब्लिक स्कूल, पुष्पगिरी की ओर से ‘दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव’ का विशेष आयोजन भी किया गया। इसमें रंगोली प्रतियोगिता, ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर पोस्टर प्रेजेंटेशन तथा ऑनलाइन रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को क्रमशः 21 हजार, 15 हजार एवं 11 हजार रुपये के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में स्कूल, कॉलेज एवं नगर के गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। संगीतकार दिशि जैन ने आयोजन में को संगीतमय बनाया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्याय मुनि श्री पीयूष सागर जी महाराज ने किया तथा आभार स्कूल के अतुल सर प्रचार प्रसार संयोजक रोमिल पाटणी सोनकच्छ नरेंद्र अजमेरा पियुष कासलीवाल औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
