सोशल मीडिया का दुरुपयोग धर्म और समाज को विमुख करने का माध्यम न बने: राष्ट्रसंत मुनि श्री प्रमाणसागर
मधुबन श्री सम्मेदशिखरजी।
राष्ट्रसंत मुनि श्री 108 प्रमाणसागर महाराज ने शंका समाधान कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग, धर्म व साधु-संतों के प्रति नकारात्मक प्रचार और युवा पीढ़ी पर इसके दुष्प्रभावों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग सोशल मीडिया का है, जिसका सही उपयोग समाज में क्रांति ला सकता है, लेकिन इसका दुरुपयोग गंभीर समस्या बन चुका है। धर्म के क्षेत्र में विशेष रूप से इसके दुष्परिणामों से बचना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि हमारी हर प्रवृत्ति से कर्म का बंध होता है। जब हम नकारात्मक बातें फैलाते हैं, तो पूरे समाज में नकारात्मकता फैलती है, जिससे भारी अशुभ कर्मबंध होता
गुणायतन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन के अनुसार, मुनि श्री ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि अनेक लोग अनजाने में धर्म, धर्मात्माओं और गुरुओं की आलोचना करते हैं, बिना यह सोचे कि शास्त्रों में निंदा के क्या दुष्परिणाम बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज कई लोगों ने सोशल मीडिया को नकारात्मक प्रचार और धंधा बना लिया है।


सस्ती लोकप्रियता, व्यूज और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के लिए निराधार सामग्री प्रसारित की जाती है। मुनि श्री ने कहा कि ऐसे कृत्य धर्म को हानि पहुंचाते हैं और श्रद्धालुओं को धर्ममार्ग से विमुख करते हैं। श्रावकों का दायित्व है कि वे धर्म, धर्मात्मा और गुरु के प्रति विनय, श्रद्धा व विवेक बनाए रखें।



मुनि श्री ने समाज को एक संकल्प लेने की प्रेरणा देते हुए कहा कि यदि कोई सोशल मीडिया ग्रुप में भ्रामक या धर्मविरोधी पोस्ट डालता है, तो तुरंत उस ग्रुप से बाहर निकलें और संबंधित व्यक्ति को ब्लॉक करें। किसी चैनल पर ऐसी सामग्री दिखे तो उसे देखने या शेयर करने के बजाय डिसलाइक और रिपोर्ट करें। अनजाने में ऐसे लोगों की चर्चा करके उन्हें लोकप्रियता न दें। यदि समाज एकजुट होकर विरोध करेगा, तो नकारात्मकता फैलाने वालों को प्रोत्साहन मिलना अपने आप बंद हो जाएगा।







जैन समाज को संस्कारित और विवेकशील बताते हुए मुनि श्री ने कहा कि बहुसंख्यक लोग धर्म के प्रति श्रद्धालु हैं। कुछ ही लोग भ्रम फैलाते हैं। इसलिए किसी भी पोस्ट पर विश्वास करने से पहले उसके तथ्यों की जांच अवश्य करें। एआई के माध्यम से बनाई जा रही फेक न्यूज पर उन्होंने कहा कि झूठी सामग्री को अपने दिमाग में स्थान न दें और समय व मानसिक शांति नष्ट न करें।

अंत में मुनि श्री ने प्रेरक संदेश दिया कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है। अपनी बुद्धि और क्षमता का उपयोग समाज में सद्भाव व धर्म प्रभावना की सुगंध फैलाने में करें, धुआं उड़ाने में नहीं। यदि समाज जागरूक होकर नकारात्मकता को तवज्जो देना बंद कर दे, तो यह समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी।


