*रामगंज मंडी: बीजासन माता जी के गरबा महोत्सव में 5 हजार से अधिक नागरिकों ने ली नशामुक्ति की प्रतिज्ञा*
*_ब्रह्मा कुमारी हर्षिता दीदी ने नशामुक्त जीवन जीने का दिया संदेश, बीजासन विकास समिति ने किया सम्मानित_*
रामगंज मंडी।
गोरधनपुरा स्थित बीजासन माता जी मंदिर परिसर में बीजासन विकास समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 5 हजार से अधिक नागरिकों की उपस्थिति में ब्रह्मा कुमारी हर्षिता दीदी ने सभी को नशामुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देते हुए नशामुक्ति की प्रतिज्ञा करवाई।
इस अवसर पर हर्षिता दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

दीदी ने विशेष रूप से बताया कि टेलीविजन, फिल्मों एवं सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली सामग्री का हमारे मन और व्यवहार पर गहरा प्रभाव पड़ता है। फिल्मी कलाकारों के किरदार और उनके व्यवहार को देखकर कई बार व्यक्ति अनजाने में उन्हीं आदतों को अपनाने लगता है। इसलिए हमें अपने मन में सकारात्मक विचारों को स्थान देना चाहिए तथा ऐसी सामग्री से दूर रहना चाहिए, जो हमारे जीवन और संस्कारों पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं सहित सभी नागरिकों को अपने विचारों, संगति और आदतों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
यह जागरूकता कार्यक्रम भारत सरकार के सहयोग से ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जन-जन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान बीजासन विकास समिति के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर जी धाकड़ ने ब्रह्मा कुमारी हर्षिता दीदी का सम्मान किया। वहीं, हर्षिता दीदी ने समिति के सदस्यों को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी को रामगंज मंडी स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर पधारने का निमंत्रण दिया।
गरबा महोत्सव में उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्ति के इस संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और स्वस्थ, सकारात्मक एवं संस्कारवान जीवन अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की। इस प्रकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से समाज में नशामुक्ति का महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किया गया।





