नगर पालिका चुनाव से पहले जैन समाज की बैठक, राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग पर मंथन
रामगंजमंडी।
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर रामगंजमंडी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन धर्मशाला में जैन समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज की चुनावी भूमिका और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जैन समाज रामगंजमंडी के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों में लंबे समय से सक्रिय सहभागिता निभाता आया है। समाज की नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है, ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव में राजनीतिक दलों को जैन समाज को भी उचित एवं सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देना चाहिए।


बैठक के दौरान इस मुद्दे पर विशेष जोर दिया गया कि यदि प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा जैन समाज की अपेक्षाओं और दावेदारी को उचित महत्व नहीं दिया जाता है, तो समाज स्वतंत्र उम्मीदवार मैदान में उतारने के विकल्प पर भी विचार कर सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
समाज के सदस्यों ने कहा कि चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि समाज के सम्मान, सहभागिता और राजनीतिक भागीदारी का विषय है। जैन समाज आगामी नगर पालिका चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर सामूहिक रूप से निर्णय लेने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, जैन समाज की ओर से आने वाले दिनों में बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के बाद आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर समाज की अंतिम रणनीति तय की जाएगी।
बैठक के बाद अब राजनीतिक दलों की नजर भी जैन समाज के अगले कदम पर टिकी है। ऐसे में आगामी दिनों में होने वाली बैठकें रामगंजमंडी की चुनावी राजनीति में नई दिशा और समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।



