वार्ड 27 में कांग्रेस का परचम: पवन बाबेल निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस खेमे में जश्न

राजनीति

 वार्ड 27 में कांग्रेस का परचम: पवन बाबेल निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस खेमे में जश्न

 

नाम वापसी के अंतिम समय तक मैदान में अकेले बचे पवन बाबेल | समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत, कांग्रेस ने जताया नगर पालिका में बोर्ड बनाने का दावा

 

रामगंजमंडी।

नगर पालिका निकाय चुनाव के बीच गुरुवार को वार्ड नंबर 27 से कांग्रेस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई। नामांकन वापस लेने की अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद वार्ड 27 में कांग्रेस प्रत्याशी एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल ही मैदान में एकमात्र प्रत्याशी रह गए। अन्य सभी प्रत्याशियों द्वारा नामांकन वापस लिए जाने के बाद पवन बाबेल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

 

 

पवन बाबेल के निर्विरोध निर्वाचित होने की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

 

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए दावा किया कि इस बार रामगंजमंडी नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वार्ड 27 में निर्विरोध जीत ने पार्टी के उत्साह को और बढ़ाया है।

 

राजनीति विरासत में मिली, पिता भी रहे नगर पालिका अध्यक्ष

 

पवन बाबेल का राजनीतिक सफर पारिवारिक विरासत से जुड़ा हुआ है। उनके पिता स्वर्गीय गोविंदलाल गुप्ता रामगंजमंडी की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखते थे। वे नगर की राजनीति के प्रमुख आधार स्तंभों में रहे और तीन बार रामगंजमंडी नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर रहे। पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए पवन बाबेल भी लंबे समय से सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बना रहे हैं।

सरल स्वभाव और स्पष्ट वक्ता के रूप में पहचान रखने वाले पवन बाबेल वर्तमान में रामगंजमंडी नगर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के विकास के साथ-साथ शहर के हित में मजबूती से काम करना है।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि रामगंजमंडी नगर पालिका में इस बार कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी।

 

पवन बाबेल के निर्विरोध निर्वाचन को कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। अब चुनावी मैदान में आगे की तस्वीर और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।

 

एक रिपोर्ट — अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *