रामगंजमंडी नगर पालिका चुनाव 2026: भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, सभी 40 वार्डों में कमल खिलाने का लिया संकल्प

नगर मंडल की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, बूथ से लेकर घर-घर जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान
रामगंजमंडी।
आगामी नगर पालिका चुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को अग्रसेन अतिथि गृह में भाजपा नगर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका चुनाव प्रभारी पंकज मेहता के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पालिका चुनाव प्रभारी पंकज मेहता ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में रामगंजमंडी की जनता ने भाजपा पर भरपूर विश्वास जताया है। इसी विश्वास को आगे बढ़ाते हुए पार्टी नगर पालिका चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में कमल के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि वार्डों की आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन प्रत्येक वार्ड से पार्टी केवल एक अधिकृत प्रत्याशी को ही मैदान में उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर संगठन के अधिकृत प्रत्याशी को पूर्ण समर्पण और एकजुटता के साथ विजयी बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क, घर-घर जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड में सक्रिय रहकर आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि आगामी चुनाव में भाजपा को प्रचंड जनसमर्थन मिल सके।
बैठक के अंत में नगर मंडल अध्यक्ष शैलेष काला ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बतायाइस अवसर पर निवर्तमान पालिका अध्यक्ष अखलेश मेड़तवाल, मंडल संयोजक महेश श्रीवास्तव, नगर मंडल अध्यक्ष शैलेष काला, जिला महामंत्री भगवान धाकड़, पूर्व जिला महामंत्री नरेन्द्र राजा, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल गर्ग, मंडल महामंत्री धर्मपाल घटोड, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष फिरोज पठान, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष पंकज पारेता, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुक्मिणी गहलोत, वर्ष जैन सहित अनेक पदाधिकारी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




