जयपुर हाउस में परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी ससंघ का चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश

धर्म

जयपुर हाउस में परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी ससंघ का चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश

बैंड-बाजों, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच हुआ भावपूर्ण स्वागत, आचार्य संघ के मंगल प्रवचनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

 

 

आगरा।

मरसलगंज गौरव, अंकलीकर परम्पराचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का लगभग 20 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी आगरा के जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में तपस्वी सम्राट वर्षायोग-2026 संपन्न होने जा रहा है।इसी क्रम में रविवार प्रातःकाल आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी महाराज एवं स्थविर संत श्री सुरत्नसागराचार्य जी महाराज ससंघ ने हरीपर्वत से मंगल विहार कर श्री दिगम्बर जैन चैत्यालय में आगमन किया। वहां से भव्य शोभायात्रा बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों, धार्मिक ध्वजों और “जय जिनेन्द्र”, “आचार्य श्री की जय” के गगनभेदी जयघोषों के साथ विभिन्न मार्गों से होती हुई जे.आर. एम्पायर के सामने स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, टीचर्स कॉलोनी, जयपुर हाउस पहुंची, जहां आचार्य संघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर, मंगल आरती उतारकर एवं चरण प्रक्षालन कर आचार्य संघ की आगवानी की गई।

 

 

मार्ग में श्वेतांबर जैन समाज द्वारा भी आचार्य श्री ससंघ की भव्य एवं भावपूर्ण आगवानी की। समाजजनों ने पुष्पवर्षा, मंगल आरती एवं श्रीफल भेंट कर गुरु भगवंतों के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर दिगम्बर एवं श्वेतांबर दोनों जैन समाजों की सहभागिता ने सामाजिक एकता, सौहार्द और धर्मभावना का अनुपम संदेश प्रस्तुत किया।

 

जयपुर हाउस जैन समाज ने भी गुरु भगवंतों का जयघोष एवं पुष्पवर्षा के साथ भावपूर्ण आगवानी की। पूरे मार्ग में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु गुरु भगवंतों के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

 

यह केवल मंगल प्रवेश नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और धर्मभावना का विराट संगम बन गया।शालीमार पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पाठशाला के छात्र-छात्राओं, स्वास्ति महिला मंडल, शांतिनाथ महिला मंडल, क्षमा मैत्री समूह छीपीटोला सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने मंगल गीत गाए तो युवाओं ने अनुशासित ढंग से शोभायात्रा को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। पूरा जयपुर हाउस क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखाई दिया।मंदिर पहुंचने पर सौभाग्यशाली श्रद्धालुओं द्वारा 108 थालियों से आचार्य संघ का भव्य प्रक्षालन किया गया। तत्पश्चात आचार्यश्री ने भगवान शांतिनाथ के दर्शन कर समस्त श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। इसके उपरांत मंदिर समिति द्वारा विशाल धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वास्ति महिला मंडल एवं शांतिनाथ महिला मंडल की महिलाओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

 

 

धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ने कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम, स्वाध्याय और साधना का पावन पर्व है। यह समय बाहरी सुख-सुविधाओं से अधिक आत्मकल्याण की ओर अग्रसर होने का है। धर्म तभी सार्थक है जब वह जीवन में विनम्रता, करुणा, क्षमा और आत्मसंयम का संचार करे।स्थविर संत श्री सुरत्नसागराचार्य जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि गुरु का सान्निध्य और धर्म का अवसर अत्यंत दुर्लभ होता है। चातुर्मास के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग स्वाध्याय, पूजा, सामायिक, तप एवं सेवा में करना चाहिए। जो व्यक्ति धर्म से जुड़ता है, उसका जीवन स्वयं प्रकाशित हो जाता है और वह समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनता है।धर्मसभा के दौरान श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर समिति, तपस्वी सम्राट वर्षायोग समिति तथा आगरा की विभिन्न जैन संस्थाओं एवं समाजों ने आचार्य संघ के चरणों में श्रीफल एवं शास्त्र भेंट कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे समाज में वर्षायोग को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। मंगल प्रवेश के साथ ही यह सुनिश्चित हो गया कि इस वर्ष जयपुर हाउस की पुण्यधरा पर तपस्वी सम्राट वर्षायोग-2026 का भव्य आयोजन होगा।चातुर्मास के शुभ अवसर पर 29 जुलाई को अग्रसेन भवन, लोहामंडी में भव्य मंगल कलश स्थापना के साथ वर्षायोग का विधिवत शुभारंभ होगा।इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कलश स्थापना, धर्मसभा एवं विशेष मंगल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके पश्चात चातुर्मास अवधि में प्रतिदिन प्रातःकालीन एवं सायंकालीन प्रवचन,अभिषेक, पूजन, विधान, स्वाध्याय, तप, धार्मिक प्रतियोगिताएं, संस्कार शिविर एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका लाभ आगरा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले हजारों श्रद्धालु प्राप्त करेंगे।

 

 

शुभम-जैन से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *