गुरु तो केवल निमित्त हैं, पांच सेकंड की सजगता भी जीवनभर का प्रकाश दे सकती है : निर्यापक श्रमण मुनि 108 सुधासागर महाराज

धर्म

गुरु तो केवल निमित्त हैं, पांच सेकंड की सजगता भी जीवनभर का प्रकाश दे सकती है : निर्यापक श्रमण मुनि 108 सुधासागर महाराज

 

18 पिच्छिका संतों के साथ देवास में भव्य मंगल प्रवेश, जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने लिया आशीर्वाद, इंदौर की ओर हुआ मंगल विहार

 

देवास।

परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनिश्री 108 सुधासागर महाराज का 18 पिच्छिका संतों के विशाल संघ के साथ सोमवार को देवास में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। भव्य शोभायात्रा के साथ नयापुरा जैन मंदिर पहुंचे गुरुदेव का श्रद्धालुओं ने जयघोष और मंगल वंदना के साथ भावपूर्ण स्वागत किया।

 

मंगल प्रवचन में मुनिश्री सुधासागर महाराज ने कहा कि गुरु, साधु और संत माचिस की एक काड़ी के समान होते हैं। उनका कार्य स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाना है। यदि व्यक्ति उस क्षण का सदुपयोग कर ले, तो उसका पूरा जीवन आलोकित हो सकता है।

 

उन्होंने कहा कि माचिस की काड़ी कुछ ही क्षण जलती है, इसलिए उसी समय अपना दीपक जला लेना बुद्धिमानी है। गुरु केवल निमित्त होते हैं, वास्तविक परिवर्तन व्यक्ति की अपनी सजगता और पुरुषार्थ से आता है। यदि साधु प्रत्येक स्थान पर आग्रहवश रुक जाएं, तो धर्म का प्रकाश अधिक लोगों तक नहीं पहुंच पाएगा। साधु का धर्म निरंतर विहार करते हुए अधिकाधिक जनमानस तक धर्म का संदेश पहुंचाना है।

 

‘पांच सेकंड की सजगता बदल सकती है पूरा जीवन’

महाराज श्री ने श्रद्धालुओं से संतों के सानिध्य का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पांच सेकंड की सच्ची सजगता भी जीवनभर का प्रकाश दे सकती है। यदि व्यक्ति सही समय पर सही निमित्त को पहचान ले, तो उसका जीवन नई दिशा प्राप्त कर सकता है।

 

नगर सीमा पर हुआ भव्य स्वागत

मंगल प्रवचन से पूर्व 18 पिच्छिका संतों के साथ गुरुदेव का भव्य शोभायात्रा के माध्यम से नगर प्रवेश हुआ। नगर सीमा पर मुनिश्री मुनिसागर महाराज संघ, आर्यिका माताजी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अगवानी की। एडीएम संजीव जैन ने भी गुरुदेव का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

कलेक्टर और एसपी ने लिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन

दोपहर में देवास जिला कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने गुरुदेव के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद लिया। दोनों अधिकारियों ने आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया।

राष्ट्रीय कवि ने काव्य के माध्यम से किया आग्रह

भक्ति से सराबोर वातावरण में राष्ट्रीय कवि एवं देवास गौरव शशिकांत यादव ने काव्यात्मक प्रार्थना प्रस्तुत करते हुए गुरुदेव से देवास में कुछ और समय रुकने का विनम्र आग्रह किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

 

इंदौर की ओर हुआ मंगल विहार

 

संध्या बेला में परम पूज्य मुनिश्री सुधासागर महाराज ने इंदौर की ओर मंगल विहार प्रारंभ किया। वर्ष 2026 का उनका मंगल वर्षायोग इंदौर में प्रस्तावित है। इसी क्रम में उन्होंने लगभग 10 किलोमीटर का विहार कर रात्रि विश्राम किया, जहां शंका समाधान कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

 

संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *