हाड़ौती को केंद्र की बड़ी सौगात: कोटा एक्सप्रेस-वे से सीधे जुड़ेगा, ₹1,551 करोड़ की दो मेगा सड़क परियोजनाओं का ऐलान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले— “आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा”; 3 महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य, मुकंदरा बाईपास से दरा घाटी के जाम से मिलेगी स्थायी राहत
कोटा/रामगंजमंडी।
हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कोटा और आसपास के क्षेत्र के लिए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है। इनमें कोटा को सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 21 किलोमीटर लंबा 4-लेन ग्रीनफील्ड मार्ग तथा 551 करोड़ रुपये की लागत से 10 किलोमीटर लंबा 4-लेन मुकंदरा बाईपास शामिल है। दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य अगले तीन महीनों के भीतर शुरू किए जाने की घोषणा की गई है।
बुधवार को कोटा के गोपालपुरा में आयोजित जनसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं से हाड़ौती की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय घटेगा और व्यापार, उद्योग व निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं से दरा घाटी में वर्षों से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान भी होगा।
कोटा को मिलेगा एक्सप्रेस-वे का सीधा लाभ
नई ग्रीनफील्ड सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित कमलपुरा से कंवरपुरा होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगी। लगभग 21 किलोमीटर लंबा यह चार लेन मार्ग कोटा को देश के सबसे महत्वपूर्ण एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से सीधे जोड़ेगा। इसके साथ स्टील ब्रिज से दो किलोमीटर लंबी लिंक रोड भी विकसित की जाएगी, जिससे यातायात और अधिक सुगम होगा।
दरा घाटी के जाम से मिलेगी स्थायी राहत
551 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 10 किलोमीटर लंबा मुकंदरा बाईपास दरा की नाल में लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा। इस परियोजना से मालवाहक और यात्री वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सुरक्षित होगी।
हाड़ौती के लिए ₹16,500 करोड़ से अधिक के सड़क प्रोजेक्ट
गडकरी ने हाड़ौती क्षेत्र के लिए 16,500 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं की घोषणा करते हुए बताया कि 15,000 करोड़ रुपये के अटल एक्सप्रेस-वे की डीपीआर तैयार की जा रही है। वहीं, भवानीमंडी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की दिशा में भी केंद्र सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
।
“आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा”
सभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने अपने बेबाक अंदाज में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कहा, “आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, लेकिन मैं देते-देते नहीं थकूंगा। मेरे पास द्रौपदी की थाली है, पैसों की कोई कमी नहीं है। विकास के लिए जितनी जरूरत होगी, केंद्र सरकार उतना सहयोग देगी।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
ओम बिरला बोले— एक्सप्रेस-वे बनेगा हाड़ौती की लाइफलाइन
ओम बिरला ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को दुनिया के सबसे बड़े सड़क नेटवर्क में से एक बताते हुए कहा कि इससे किसानों, युवाओं, मजदूरों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा कोटा और हाड़ौती के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री बोले— दरा टनल आधुनिक इंजीनियरिंग का अद्भुत उदाहरण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दरा वन्यजीव क्षेत्र में बनी भूमिगत टनल आधुनिक इंजीनियरिंग का शानदार नमूना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सड़क परियोजनाएं कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा और अलवर सहित पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

