Group of uniformed men and women wearing yellow sashes stand in a line on a stage with a large portrait backdrop and a Mother's Day banner in front.

रामगंजमंडी के ब्रह्माकुमारी केंद्र पर मदर्स डे एवं पाँच दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का भव्य समापन* 🌸

राज्य

*रामगंजमंडी के ब्रह्माकुमारी केंद्र पर मदर्स डे एवं पाँच दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का भव्य समापन* 🌸

रामगंजमंडी

ब्रह्मकुमारीज के रामगंज मंडी सेवा केंद्र पर दिनांक 6 मई से 10 मई 2026 तक आयोजित पाँच दिवसीय निःशुल्क समर कैंप एवं मदर्स डे उत्सव का उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के साथ भव्य समापन हुआ। इस समर कैंप में लगभग 70-80 बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर विभिन्न रचनात्मक एवं संस्कारमय गतिविधियों का लाभ उठाया।

 

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रामगंज मंडी में सीआई पद पर नियुक्त पुलिस अधिकारी संदीप शर्मा अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ पधारे। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए अनुशासन, जिम्मेदारी और अच्छे संस्कारों का महत्व बताया। साथ ही उनकी टीम द्वारा ट्रैफिक रूल्स के बारे में विस्तृत जानकारी देकर सभी को जागरूक किया गया। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने तथा सुरक्षा नियमों को अपनाने का संदेश दिया गया। बच्चों और अभिभावकों ने इस जागरूकता अभियान को अत्यंत उपयोगी बताया।

समर कैंप का आयोजन ब्रह्माकुमारी शीतल दीदी के स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान मोबाइल और इंटरनेट के युग में बच्चों को सही दिशा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि बच्चों को अध्यात्म, संस्कार और सकारात्मक वातावरण से जोड़ा जाए, तो वे जीवन में सही मार्ग का चयन कर सकते हैं।

साथ ही ब्रह्मा कुमारी बहनों द्वारा मदर्स डे के अवसर पर माँ की महिमा का सुंदर वर्णन करते हुए बताया गया कि जैसे एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें आगे बढ़ाती है, उसी प्रकार परमात्मा भी इस संपूर्ण विश्व की माँ हैं। परमात्मा हम सभी आत्माओं को शक्ति, प्रेम और सही दिशा प्रदान करते हैं, इसलिए उन्हें परमात्मा कहा जाता है। परमात्मा ही आत्माओं की उन्नति कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। कार्यक्रम में माँ की महिमा के साथ-साथ परमात्मा की महिमा का भी सुंदर वर्णन किया गया, जिसने उपस्थित सभी अभिभावकों और बच्चों के हृदय को भावविभोर कर दिया। 🌸

पाँच दिनों तक चले इस समर कैंप में बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्रॉइंग, एक्सरसाइज, डांस, फैंसी ड्रेस, माइंड गेम्स, टीम गेम्स, मनोरंजक गतिविधियाँ एवं मेडिटेशन जैसी अनेक उपयोगी गतिविधियाँ करवाई गईं। विशेष रूप से मेडिटेशन और आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास, एकाग्रता और अच्छे संस्कारों की प्रेरणा दी गई। बच्चों में इन गतिविधियों का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

कार्यक्रम में अभिभावकों के लिए भी विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद, मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचाव तथा बच्चों को संस्कारवान बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन जानकारी दी गई। अभिभावकों ने इन सत्रों की सराहना करते हुए इसे आज की आवश्यकता बताया।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार एवं सौगातें प्रदान की गईं। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने योग्य थी। साथ ही सभी को ईश्वरीय प्रसाद भी वितरित किया गया। उपस्थित माताओं का सम्मान कर उन्हें सौगात भेंट की गई तथा मातृत्व के त्याग, प्रेम और तपस्या को नमन किया गया।

पूरे कार्यक्रम का वातावरण प्रेम, संस्कार, आध्यात्मिकता, जागरूकता और उत्साह से ओतप्रोत रहा। बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने इस अनूठे समर कैंप एवं मदर्स डे उत्सव की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक पहल बताया। 🌸

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *