*सिद्धक्षेत्र पावागढ़ में आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरदेव के सानिध्य में श्री 1008 कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का हुआ भव्य शुभारंभ*
पावागढ़, गुजरात | 23 मई 2026
गुजरात स्थित पावन सिद्धक्षेत्र पावागढ़ की पवित्र भूमि पर आचार्य श्री आचार्य श्री सुनील सागरजी गुरुदेव के सानिध्य में श्री 1008 कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रथम दिवस धार्मिक उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सुंदर एवं आकर्षक समोशरण की रचना की गई, जिसमें भगवान को विधिवत विराजमान किया गया। संगीतमय श्री 1008 कल्पद्रुम महामंडल विधान में हजारों श्रद्धालु श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।


इसके पश्चात आचार्य श्री को जिनवाणी भेंट की गई तथा भक्तों द्वारा गुरुपूजन एवं पादप्रक्षालन किया गया और प्राकृताचार्य श्री सुनील सागर जी गुरुदेव का पिच्छि परिवर्तन समारोह बड़े ही धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान गुरुदेव की पुरानी पिच्छि प्राप्त करने का परम सौभाग्य संघ सारथी श्रीमान अजीत कासलीवाल को प्राप्त हुआ। इसे सभी श्रद्धालुओं ने अत्यंत पुण्य एवं गौरव का विषय माना। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए धर्म लाभ प्राप्त किया। इस धार्मिक आयोजन में जयपुर, वागड़, वडोदरा सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।


अपने मंगलमय प्रवचन में आचार्य श्री ने कहा कि देशभर में अनेक सिद्धक्षेत्र हैं, किन्तु गुजरात की धरती पर स्थित पावागढ़ का दर्शन करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में पूरे संघ ने गुजरात के तीन प्रमुख सिद्धक्षेत्रों — पालीताणा, गिरनार जी एवं पावागढ़ — की वंदना का पुण्य लाभ प्राप्त किया है।
गुरुदेव ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूजा का वास्तविक फल तभी प्राप्त होता है, जब व्यक्ति पूज्य को सही रूप में समझकर अपने भीतर के राग, द्वेष एवं विकारों का त्याग करे।
प्रवचन के पश्चात गुरुमुख से शंका समाधान का कार्यक्रम आयोजित हुआ तथा संध्याकाल में भक्तिमय आरती सम्पन्न हुई, जिससे सम्पूर्ण वातावरण धर्ममय एवं भक्तिरस से ओतप्रोत हो उठा।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
