A man with glasses and a gray beard wearing a navy button-down shirt and white pants, speaking into a handheld microphone against a black background.

रामगंजमंडी क्षेत्र के कई गरीब मजबूर परिवारों के घरों का चूल्हा जलता है सामाजिक संस्था युवा दल से

राज्य

रामगंजमंडी क्षेत्र के कई गरीब मजबूर परिवारों के घरों का चूल्हा जलता है सामाजिक संस्था युवा दल से

रामगंजमंडी।

शहर में कई चौराहे हैं जैसे पन्नालाल चौराहा, अंबेडकर चौराहा, स्टेशन चौराहा, मालगोदाम चौराहा, सरकारी कुआं चौराहा। इन सबके साथ बाजार नं. 3 में पुराने अस्पताल के पास एक चौराहा ऐसा भी है जिसे युवा दल चौराहे के नाम से जाना जाता है। शहर में युवा दल एक ऐसी सामाजिक संस्था है जिसे सन् 1990 में 36 वर्ष पूर्व समाजसेवी, हाडोती गौरव और हाल ही में मिले संघ भूषण पदवी से अलंकृत **राजकुमार पारख** ने गठित किया था। शहर में यह संस्था इन 36 वर्षों में गरीब, मजबूर, विकलांग, विधवा परिवारों का सहारा बनकर उनके घरों में दोनों समय का चूल्हा जलता रहे, इस दिशा में कार्य कर रही है।

 

 

Hindi snack ad poster: a meditating monk in orange robes against a sunlit yellow background, with bold red Hindi headline and contact numbers at the bottom.

रामगंजमंडी के रोसली रोड पर आजाद कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाली **राधा बाई** जो विधवा है, इनके एक लड़की है जो पढ़ाई कर रही है। राधा बाई मजदूरी का कार्य करके अपना और अपनी बेटी का पालन-पोषण कर रही थी। 2 वर्ष पूर्व पांव से गिरने से हड्डी ऐसी टूटी कि दो बार आपरेशन करवाना पड़ा, फिर किसी जहरीले जानवर के काटने से पूरा पैर सड़ गया। मोहल्ले के लोगों ने यह बात युवा दल के सचिव राजकुमार पारख को बताई और मदद की अपील की। तभी से इस महिला को प्रतिमाह पूरा राशन का सामान युवा दल दे रहा है और पिछले दो माह से पाँव का इलाज भी करवा रहा है। शहर के माली मोहल्ले में पवन मीणा जो 16 वर्ष का लड़का है, परिवार के मुखिया इनके पिता की मृत्यु हो चुकी है, मां दिव्यांग है, एक छोटी बहन है, दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इस परिवार की स्थिति जानकर युवा दल पिछले 5 वर्षों से प्रतिमाह राशन का सामान उपलब्ध करवा रहा है।

 

 

इसी तरह कबीर कुटीर में रहने वाले बुजुर्ग रतन महाराज जिनके साथ उनकी बहन कन्याबाई रहती है। कन्याबाई गंभीर रूप से घायल है, रीढ़ की हड्डी और हाथ की हड्डियां टूटने से लंबे समय से बिस्तर पर है। घर में कोई कमाने वाला नहीं होने से लोगों ने राजकुमार पारख से इस परिवार की मदद करने को कहा। पिछले 6 माह से राशन का सामान दिलवाकर युवा दल मदद कर रहा है। मरियम अस्पताल के पास गिरधर कॉलोनी में रहने वाली आनंदी बाई यादव उम्र 90 वर्ष, इनके लड़के ने घर से निकाल दिया। इस वृद्ध महिला को कहीं सहारा नहीं मिलने पर पिछले 2 वर्ष से युवा दल इस महिला को सुबह और शाम को खाना टिफिन भेजकर कर रहा है। मारुति नगर में रहने वाले घांसीलाल मेहर जिनकी वृद्धावस्था होने के कारण कार्य नहीं हो पाता है। उन्हें भी युवा दल हर महीने एक हजार रुपये का आर्थिक सहयोग कर रहा है। खैराबाद के छोटूलाल मेहर जिनकी दोनों किडनियां खराब हैं। घर में तीन लड़कियां पत्नी वृद्ध मां है। घर को चलाने का पूरा भार पत्नी लक्ष्मीबाई मेहर पर आने से परिवार संकट में आ गया ऐसे वक्त में इस परिवार का सहयोग करने में युवा दल आगे आया और इनको पूरे महीने का राशन का सामान दिलवा रहा है। रामगंजमंडी की एक 70 वर्षीय महिला शांति बाई जिसके पति रामदेव का स्वर्गवास 20 साल पहले हो गया एक लड़का हंसराज मजदूरी का काम करता था वह भी 5 साल से मानसिक बीमारी के चलते पागल हो गया इस परिवार को भी युवा दल हर महीने राशन का सामान दिलवा रहा है। शहर की भीमशंकर कॉलोनी में पवन माली उम्र 26 वर्ष लेकिन मानसिक और शारीरिक ग्रोथ नहीं बढ़ने से बच्चा लगता है और कार्य करने में असमर्थ है पिता का देहांत हो चुका है इसके दो भाई बहन है मां चंदाबाई घरों का काम करके मुश्किल से परिवार को पाल रही है। कई लोगों ने युवा दल सचिव राजकुमार पारख से इस परिवार की मदद की गुहार लगाई पिछले 7 महीनों से युवा दल इनकी मदद कर रहा है। खैराबाद की मुस्लिम समाज की महिला सलमा जिसके दो बच्चे हैं छोटे-छोटे एक शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग है पति ने इस महिला को छोड़ रखा है। सड़कों पर बच्चों को लेकर मांगने का काम करने वाली सलमा को पिछले 10 महीनों से युवा दल राशन का सामान दिलवाकर मदद कर रहा है।

 

खैराबाद के रहने वाले दुर्गालाल बैरवा लकवे की बीमारी से पीड़ित है पत्नी सीमा देवी भी विकलांग है। तीन छोटे छोटे बच्चे हैं। खैराबाद के कई लोगों ने इस परिवार की मदद करने को राजकुमार पारख से कहा युवा दल पिछले 6 माह से इस परिवार की मदद कर रहा है। फतेहपुर की विधवा महिला संजू बाई सुथार जिनके पति दिनेश सुथार का स्वर्गवास 8 माह पूर्व हो गया इस महिला के तीन लड़कियां हैं। घर में कमाने वाला कोई नहीं है युवा दल इस परिवार की 7 महीने से राशन का सामान दिलवाकर मदद कर रहा है। पूरे क्षेत्र में कई परिवार हैं जिनके घर का चूल्हा जलाने में युवा दल मदद कर रहा है। युवा दल के इस परोपकार के कार्य में युवा दल सदस्य बाबू पोरवाल, टीकम मित्तल, संजय मित्तल, शरद जैन, अंतिम अग्रवाल, चैरी सलूजा, राम गुप्ता, अमित उपाध्याय, मुकेश गर्ग, योगेश गुप्ता, अनेकांत जैन, प्रियांशु जैन, हाजी मुश्ताक भाई, हितेश गर्ग, शैलेन्द्र विनायका का विशेष सहयोग रहता है।

          संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *