अनिल जैन हजारी शीतलधाम के नव नियुक्त अध्यक्ष मनोनीत

धर्म

अनिल जैन हजारी शीतलधाम के नव नियुक्त अध्यक्ष मनोनीत

विदिशा।

संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागरजी महामुनिराज की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से विकसित हो रही भगवान श्री शीतलनाथ स्वामी के चार कल्याणकों से पवित्र भूमि शीतलधाम क्षेत्र, जहाँ विशाल समवसरण मंदिर का निर्माण प्रस्तावित है, के लिए नागपुर (महाराष्ट्र) में आयोजित बैठक में श्री अनिल जैन हजारी को नव नियुक्त अध्यक्ष मनोनीत किया गया। यह महत्वपूर्ण निर्णय आचार्य गुरुदेव श्री समयसागर महाराज के परम आशीर्वाद के पश्चात श्री शीतल विहार न्यास की ट्रस्टियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

 

 

 

बैठक के दौरान बाल ब्रह्मचारी विनय भैया, बंडा ने गुरुदेव के समक्ष प्रस्ताव रखते हुए श्री अनिल जैन हजारी के नाम की घोषणा की। सभा में उपस्थित वर्तमान अध्यक्ष सचिन वसंत जैन सहित सभी ट्रस्टियों एवं सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

नव नियुक्त अध्यक्ष के रूप में श्री अनिल जैन हजारी को शीतलधाम क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने, निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने तथा आगामी पंचकल्याणक आयोजन की तैयारियों का दायित्व सौंपा गया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमेटी के सभी पूर्व अध्यक्ष संरक्षक की भूमिका में रहकर नए अध्यक्ष को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि क्षेत्र के विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ सकें। साथ ही एस.एस.एल. जैन महाविद्यालय ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय सेठ को निर्माण समिति में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

 

इस निर्णय को सभी ने स्वागत योग्य बताते हुए सामूहिक नेतृत्व की भावना को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया। श्री सकल दिगंबर जैन समाज के प्रवक्ता अविनाश जैन ने जानकारी देते हुए नव नियुक्त अध्यक्ष को बधाई प्रेषित की और कहा कि पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन कार्य ही व्यक्ति की पहचान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष सहित अब तक के सभी अध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यकाल में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

 

 

 

उन्होंने आगे कहा कि शीतलधाम के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना, समवसरण मंदिर निर्माण को गति देना तथा पंचकल्याणक महोत्सव के आयोजन की दिशा में ठोस कदम उठाना प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि सभी का सामूहिक सहयोग मिला तो शीतलधाम क्षेत्र शीघ्र ही देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण तीर्थ के रूप में विकसित होगा।

 

समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने भी नव नियुक्त अध्यक्ष श्री अनिल जैन हजारी को शुभकामनाएँ देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शीतलधाम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा तथा शीघ्र ही आगामी पंचकल्याणक आयोजन भव्य रूप में संपन्न किया जा सकेगा। अंत में सभी ट्रस्टियों ने आचार्य गुरुदेव से विदिशा में चातुर्मास करने का निवेदन किया, जिस पर गुरुदेव ने अपनी चिर-परिचित मुद्रा में सभी पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

(अविनाश जैन, विद्यावाणी) से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *