णमोकार तीर्थ में भक्ति का शंखनाद: 351 जिनबिंबों की भव्य रथयात्रा के साथ पंचकल्याणक महोत्सव का होगा ऐतिहासिक शुभारंभ णमोकार तीर्थ
नासिक जिले के चांदवड स्थित नवनिर्मित श्री णमोकार तीर्थ के पावन प्रांगण में आज शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 से ऐतिहासिक ‘अंतरराष्ट्रीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव’ का अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ प्रारंभ हो रहा है। गणधराचार्य 108 श्री कुंथुसागरजी महाराज और आचार्य 108 श्री देवनंदीजी महाराज के मंगल सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव के प्रथम दिन ध्वजारोहण, घटयात्रा और यागमंडल विधान जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
प्रातः काल: गुरु आज्ञा और मंगल कलश स्थापना
महोत्सव की शुरुआत तड़के 6:30 बजे गुरु निवास स्थान पर आचार्य निमंत्रण और गुरु आज्ञा प्राप्त करने के साथ हुई। इसके पश्चात सुबह 7:00 बजे यज्ञशाला में विधि-विधान से कलश स्थापना, मृत्तिका संग्रहण और अंकुरारोपण का कार्य संपन्न होगा। इसी पावन बेला में अखंड दीप प्रज्वलित कर विश्वशांति यज्ञ का शुभारंभ होगा।

भव्य शोभायात्रा और 351 जिनबिंबों का भ्रमण
सुबह 8:00 बजे महोत्सव का मुख्य आकर्षण 351 जिनबिंबों की भव्य रथयात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और कुमारिकाएं अपने मस्तक पर मंगल कलश धारण कर सम्मिलित हुईं। सुबह 8:30 बजे मंडप उद्घाटन और वेदी शुद्धि के उपरांत भगवान जिनेंद्र को विराजमान कर अभिषेक एवं शांतिधारा की गई।



ध्वजारोहण और धर्मसभा
महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान ‘ध्वजारोहण’ सुबह 11:15 से 11:25 के शुभ मुहूर्त (तुला नवांश लग्न) में संपन्न होगा। यह सम्मान मुख्य सौधर्म इंद्र नीलम अजमेरा एवं इंद्राणी कीर्तिजी अजमेरा को प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व सुबह 9:30 बजे गणधराचार्य गुरुदेव का पूजन हुआ और उनके अमृत वचनों से श्रद्धालुओं को प्रवचन का लाभ मिलेंगा। दोपहर 1:00 बजे से महामंडलाराधना और महायागमंडल विधान की प्रक्रियाएं शुरू होंगी।


महोत्सव की अभूतपूर्व विशेषताएँ
प्रचार-प्रसार संयोजक विनोद पाटनी और पारस लोहाडे ने बताया कि इस महोत्सव की तैयारी पिछले एक वर्ष से चल रही थी:
* ऐतिहासिक मंडप: महोत्सव के लिए 1 लाख 25 हजार स्क्वायर फीट का विशाल और भव्य मंडप तैयार किया गया है।
* 351 वेदियों की स्थापना: पंचकल्याणक के इतिहास में पहली बार एक ही मंडप में 351 वेदियों का निर्माण किया गया है, जहाँ इंद्र-इंद्राणी, माता-पिता और कुबेर एक साथ पूजन करेंगे।
* अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति: देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी जैन श्रद्धालु भारी संख्या में यहाँ पहुँच रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।


प्रशासनिक सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था
विभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम और जिलाधिकारी आयुष प्रसाद के मार्गदर्शन में प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं:
* सुरक्षा: 600 पुलिसकर्मी, 250 सीसीटीवी कैमरे और 100 बाउंसर तैनात किए गए हैं।
* यातायात: वडालीभोई से सोग्रस फाटा तक राजमार्ग पर स्पीड ब्रेकर्स और बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
* सुविधाएं: 35 पानी के टैंकर, 20 स्वच्छता वाहन और मोबाइल स्वास्थ्य केंद्र चौबीसों घंटे कार्यरत हैं।
* परिवहन: मनमाड से हर दो घंटे में विशेष बसें चलाई जा रही हैं।
रात्रि कार्यक्रम: देवलोक का जीवंत दर्शन
शाम 7:00 बजे महाआरती और शास्त्र प्रवचन के बाद मुख्य मंडप में ‘सौधर्म इंद्र की सभा’ का जीवंत मंचन किया जाएगा। इसमें धनपति कुबेर को आज्ञा देना, रत्नजड़ित ‘चंद्रपुरी’ नगरी की रचना, रत्नों की वर्षा और अष्टकुमारिकाओं द्वारा जिनमाता की सेवा जैसे मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
नरेंद्र अजमेरा पियुष कासलीवाल औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
