आरोन के राजकुमार जैन इमलानी ने किए सोलह उपवाससमाज ने राजकुमार जैन के पुण्य की मंगल अनुमोदना की
आरोन। धर्म नगरी आरोन जहां से नगर गौरव दो मुनिराज एवं पांच आर्यिकाएं अध्यात्म की ध्वजा को लहरा रहे हैं उसी आरोन नगरी में चातुर्मास हेतु विराजमान मुनि श्री दुर्लभ सागर जी महाराज के मंगल सानिध्य में आयोजित होने वाले 32 दिवसीय सोलह कारण संवेग वैराग्य शिविर के माध्यम से जैन श्रावक श्राविका सोलह कारण भावना के भावों के साथ धर्म एवं आराधना कर रहे हैं। जैन धर्म में सोलह कारण भावनाओं की साधना को तीर्थंकर प्रकृति को दिलाने वाला माना जाता है। यह वे शुभ भावनाएँ हैं जो जीव को तीर्थंकर प्रकृति का बंध कराने वाली होती हैं। मुनि श्री दुर्लभ सागर जी की प्रेरणा से नगर के श्रद्धालु व्रत उपवास की साधना कर रहे हैं। नगर के राजकुमार जैन उर्फ बंटी जोकि नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं उन्होंने मुनि श्री की प्रेरणा से पहली बार सोलह दिन तक लगातार उपवास किए हैं।
इन सोलह दिनों के दौरान कठिन व्रत उपवास करते हुए राजकुमार जैन ने आहार का पूर्ण त्याग किया। जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक 12 के क्षेत्रीय प्रवक्ता एवं मुनि श्री दुर्लभ सागर जी चातुर्मास कमेटी के प्रचार मंत्री सुनील झंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकुमार जैन जोकि नगर के प्रतिष्ठित एवं धार्मिक इमलानी परिवार के सदस्य हैं। राजकुमार जैन इससे पूर्व 2019 में आंवा राजस्थान में, 2020 में बिजौलिया में, 2022 में ललितपुर उत्तर प्रदेश में, 


2023 में आगरा में मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सानिध्य में एवं 2024 में आर्यिका श्री विज्ञान मति माताजी के सानिध्य में 5 दिवसीय,6 दिवसीय,8 दिवसीय एवं दो बार 10 दिवसीय उपवास की साधना कर चुके हैं। उन्होंने पहली बार सोलह दिवसीय उपवास की कठिन साधना मुनि श्री दुर्लभ सागर जी महाराज द्वारा दी गई प्रेरणा से सहज एवं निर्मल परिणामों के साथ पूर्ण की।
यह कठिन तप साधना करना अत्यंत दुर्लभ कार्य माना जाता है। सोलह दिवसीय उपवास पूर्ण होने पर मुनि श्री दुर्लभ सागर जी महाराज के आशीर्वाद से मंगलवार को जैन समाज द्वारा राजकुमार जैन का मंगल पारणा कराया गया एवं समस्त जैन समाज,जैन समाज कमेटी एवं चातुर्मास कमेटी, जैन मिलन,युवा जैन मिलन, गौशाला समिति, पाठशाला परिवार द्वारा उनका बहुमान करते हुए उनके पुण्य की मंगल अनुमोदना की गई। इस अवसर पर जैन समाज के सभी सेवा दल एवं समितियों द्वारा भी राजकुमार जैन का बहुमान किया गया।
सुनील जैन झंडा आरोन
प्रचार मंत्री
चातुर्मास कमेटी आरोन से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312




