आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ का अतिशय क्षेत्र चमत्कार जी में बुधवार को हुआ मंगल प्रवेश
चमत्कार जी
आचार्य विशुद्ध सागर जी ने ससंघ श्रीमहावीरजी से पद विहार कर विभिन्न मार्गों से होते हुए अहिंसा सर्किल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कार जी मंदिर में मंगलवार को भव्य अगुवानी एवं जयकारों के बीच मंगल प्रवेश किया।
मुनि संघ के आगमन से समाज के लोगों में काफी उत्साह था। समाज अध्यक्ष अशोक बड़जात्या,महामंत्री हरसीलाल जैन श्रीमाल व कोषाध्यक्ष अशोक पांड्या के संयोजन में प्रबुद्ध महिला-पुरुष मुनि संघ को नगर की सीमा पर लेने पहुंचे। इस मौके पर भक्त मुनि संघ की अगवानी के लिए उमड़ पड़े। रास्ते में जगह-जगह समाज के लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानो के सामने मुनि संघ के चरण प्रक्षालन किए व आरती उतार श्रद्धा भक्ति प्रकट की।

प्रवीण कुमार जैन प्रवक्ता सकल दिगंबर जैन समाज सवाई माधोपुर ने बताया की आचार्य महाश्रमण कन्या सुरक्षा सर्किल ट्रक यूनियन से अम्बेडकर सर्किल,रेलवे-स्टेशन चौराहा बजरिया,हम्मीर सर्किल,आलनपुर लिंक रोड होते हुए चमत्कार जी मंदिर तक गाजे बाजे से शोभायात्रा के साथ लाया गया।





शोभायात्रा में श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों पर थिरकते हुए एवं मुनि संघ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। मंदिर पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर चमत्कार जी मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष नरेश बज,मंत्री महावीर बज व कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पांड्या के संयोजन में समाज के गणमान्य महिला पुरुषों ने आचार्यश्री के पद प्रक्षालन किये और मंगल आरती उतार भव्य अगुवानी की।

सौभाग्यवती महिलाओं ने मंगल स्वरूप कलश धारण किए एवं मंदिर के प्रवेश द्वार पर रंगोली सजाई गई। जैसे ही आचार्य संघ ने प्रवेश किया तो मंदिर परिसर जयकारों से गुंजायमान हो गया। मुनि संघ ने जिनेंद्र प्रतिमाओं के दर्शन किए।
वहीं इस मौके पर आचार्य विशुद्ध सागर जी ने धर्म परायण महिला पुरुषों की भक्ति की प्रशंसा करते हुए सभी को मंगल आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर समाज के महिला पुरुष काफी संख्या में मौजूद थे।
प्रवीण कुमार जैन प्रवक्ता सकल दिगंबर जैन समाज सवाई माधोपुर से प्राप्त जानकारी
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
