जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियाँ जी का वार्षिक मेला 01 अक्टूबर को भगवान शांतिनाथ का होगा महामस्तकाभिषेक

धर्म

जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियाँ जी का वार्षिक मेला 01 अक्टूबर को भगवान शांतिनाथ का होगा महामस्तकाभिषेक

मुरेना

अतिशय क्षेत्र सिहोनियांजी जैन मंदिर का वार्षिक मेला 01 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहा है । इस अवसर पर श्री 1008 भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक महोत्सव भी मनाया जायेगा ।

 

 

श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियां जी कमेटी के परम संरक्षक जिनेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी क्वार वदी दौज को अतिशय क्षेत्र सिहोनियांजी का वार्षिक मेला एवम भगवान श्री शांतिनाथ, श्री कुंथनाथ, श्री अरहनाथ का महामस्तकाभिषेक महोत्सव 01 अक्टूबर को हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है । इस महोत्सव के अवसर पर पं.अजितकुमार शास्त्री ग्वालियर, महेंद्रकुमार शास्त्री मुरेना, मुकेश शास्त्री अंबाह, चंद्रप्रकाश चंदर ग्वालियर, महेंद्र शास्त्री, संजय शास्त्री सिहोनिया, शशिकांत ग्वालियर, नवनीत शास्त्री मुरेना, राजेंद्र शास्त्री मंगरोनी को आमंत्रित किया गया है ।

 

अतिशय क्षेत्र कमेटी के संरक्षक आशीष जैन सोनू ने बताया कि रविवार 01 अक्टूबर को वार्षिक मेले के पावन अवसर पर मांगलिक कार्यक्रमों के तहत प्रातः 07 बजे नित्याभिषेक, शांतिधारा, पूजन, प्रातः 10 बजे श्री शांतिनाथ मंडल विधान एवम दोपहर 02 बजे श्री शांतिनाथ भगवान, श्री कुंथनाथ भगवान एवम श्री अरहनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक होगा ।

 

 

इस पावन एवम पुनीत अवसर पर जैन स्वर संगम सौरभ एंड पार्टी मुरेना अपने संगीत व स्वर लहरी द्वारा जैन भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी । सभी आगंतुक साधर्मी बंधुओं के लिए जैन युवा क्लब एवम सोनू मित्र मंडल द्वारा वात्सलय भोज की व्यवस्था की गई है।

सिहोनिया जैन मंदिर का इतिहास

 


श्री मनोज जैन नायक मुरैना इतिहास बताते हुए बताते हैं कि
ज्ञातव्य हो कि मुरेना जिले के सिहोनिया गांव में विशाल एवम भव्य जैन मंदिर बना हुआ है । बताया जाता है कि आज से बहुत समय पूर्व ब्रह्मचारी गुमानीलाल जैन को सपना दिखाई दिया कि गांव के जंगल में टीले के नीचे जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां दबी हुई हैं । टीले की खुदाई करने पर 11वीं शताब्दी की जैन तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ की 16 फुट उत्तंग खड़गासन एवम उनके आजू बाजू में भगवान कुंथनाथ व भगवान अरहनाथ की 11/11 फुट उत्तंग खडगासन प्रतिमाएं प्राप्त हुई थी । जो आज भी उसी स्थान पर स्थापित हैं, जिस स्थान पर वह प्राप्त हुई थी । जैन समाज ने क्षेत्र पर काफी विकास किया है । सिहोनिया जी क्षेत्र पर ठहरने के लिए आधुनिक धर्मशाला, भोजनशाला, केंटीन, संग्रहालय, सुसज्जित बगीचा, पुस्तकालय एवम कमल मंदिर का निर्माण किया है ।

क्षेत्र पर अतिभव्य पांच मानस्तंभों का निर्माण कार्य तीव्र गति से हो रहा है । यहां वर्षभर कोई न कोई धार्मिक आयोजन होते रहते हैं । वर्ष भर यात्रियों का आवागमन भी होता रहता है ।
अतिशय क्षेत्र कमेटी सिहोनिया जी के अध्यक्ष रविंद्र जैन टिल्लू, उपाध्यक्ष नीलेश जैन, मंत्री विवेक जैन बंटी, कोषाध्यक्ष रवि जैन एवम जैन युवा क्लब के अध्यक्ष संजय जैन भंडारी, महामंत्री मुकेश जैन बड़ी, अनिल जैन छोटू, रोमिल जैन, राजीव जैन सीटू, उमेश जैन लाला ने सभी साधर्मी बंधुओं से वार्षिक जैन मेले के अवसर पर अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *