विश्व शांति की मंगलकामना से गूंजा आगरा, श्रीजी की रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
**मुनिश्री समत्वसागर जी के सान्निध्य में नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य समापन, राज्यसभा सांसद नवीन जैन बोले–विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना से हुआ दिव्य अनुष्ठान, महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने दीं आहुतियां**
**आगरा।**
भक्ति की अविरल धारा, मंत्रों की पावन गूंज, विश्व शांति की मंगलकामना और भगवान जिनेंद्र देव के जयकारों से बुधवार को आगरा का कमला नगर आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का विश्व शांति महायज्ञ और भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में अविस्मरणीय समापन हुआ। मुनिश्री समत्वसागर जी ससंघ के मंगल सान्निध्य में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व एवं पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन के संयोजन में आयोजित इस महाअनुष्ठान ने नौ दिनों तक कमला नगर को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के रंग में रंगे रखा।

**नौ दिनों तक चली जिनेंद्र प्रभु की आराधना**
विधान का शुभारंभ 17 नवंबर को अष्टानिका महापर्व के अवसर पर हुआ था। युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, विधान एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। अंतिम दिवस पर भी भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, संयम और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठान मनुष्य को आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में प्रेरित करते हैं। जीवन में धर्म, सदाचार और संयम को अपनाकर ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को परोपकार, सद्भाव और सभी जीवों के प्रति करुणा की भावना रखने की प्रेरणा दी।

**नवीन जैन बोले–विश्व में शांति और सद्भाव स्थापित हो**
समापन समारोह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन संपूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की मंगल भावना के साथ किया गया है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का विशेष धार्मिक आयोजन पहली बार किया गया है। विधान के माध्यम से देश-दुनिया से हिंसा, वैमनस्य और वैचारिक कटुता समाप्त होने तथा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शांति, प्रेम, अहिंसा और सद्भाव स्थापित होने की मंगलकामना की गई है।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री वीना लवानियां एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन एवं चक्रेश जैन ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
**विश्व शांति महायज्ञ में आहुतियों के साथ की गई जनकल्याण की मंगलकामना**
नौ दिवसीय विधान के समापन अवसर पर विश्व शांति एवं जनकल्याण की भावना के साथ विधि-विधानपूर्वक महायज्ञ आयोजित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञकुंड में आहुतियां समर्पित करते हुए देश-दुनिया में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महायज्ञ के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक मंत्रों और आध्यात्मिक भावनाओं से गुंजायमान रहा।
**श्रीजी की भव्य रथयात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा**
महायज्ञ के पश्चात भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा एवं विधान के पात्रों की शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धा, उल्लास और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शोभायात्रा मुख्य पंडाल से प्रारंभ होकर महावीर पार्क, चक्रेश जी की कोठी के पास से होते हुए डी-ब्लॉक, श्रीराम चौक, टंकी चौराहा एवं कमला नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे विधान महोत्सव का बैनर लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। इसके पीछे ऊंटों पर सजे नगाड़े, सुंदर घोड़ियां, डीजे गाड़ियां और ढोल बजाने वाली टोलियां चल रही थीं। 12, 20 और 40 सदस्यीय बैंड सहित अनेक बैंडों ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रजत रथ, घोड़ों से सुसज्जित रथ और छाताधारी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं।
पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार सहित पहली बग्गी पर तथा राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपने परिवार सहित दूसरी बग्गी पर सवार रहे। चक्रेश जैन और योगेश कुमार जैन के परिवार भी अलग-अलग बग्गियों में शामिल हुए। परिवार की बुआ एवं अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग से बग्गियों की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की।
भगवान श्रीजी को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा में लेकर चलने का सौभाग्य महेंद्र इंद्र वैभव जैन को प्राप्त हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के जयकारों, आरती और पुष्पवर्षा ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
**पीएनसी परिवार सहित जैन समाज की रही व्यापक सहभागिता**
इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, यशपाल जैन, सुभाष जैन, नरेश जैन, प्रवीण जैन, विमल चौधरी, सुबोध जैन, वैभव जैन, आनंद जैन, अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन एवं प्रियंका जैन सहित समस्त पीएनसी परिवार के सदस्य, आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारी एवं आगरा जैन समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन केवल एक धार्मिक आयोजन का विराम नहीं, बल्कि विश्व शांति, अहिंसा, सद्भाव और मानव कल्याण की मंगल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी अवसर बन गया। भगवान जिनेंद्र देव की आराधना और भक्ति के उल्लास के बीच संपन्न इस महाअनुष्ठान की स्मृतियां श्रद्धालुओं के हृदय में लंबे समय तक बनी रहेंगी।
**संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी**
