खाकी ने निभाया भाई का फर्ज, सफाईकर्मी की बेटी के मायरे में बरसाया स्नेह

राज्य

खाकी ने निभाया भाई का फर्ज, सफाईकर्मी की बेटी के मायरे में बरसाया स्नेह

71 हजार रुपए नकद और कपड़ों की भेंट देकर पुलिसकर्मियों ने पेश की अपनत्व की मिसाल, करीब 40 जवान बने परिवार की खुशियों के सहभागी**

 

**रामगंजमंडी।**

वर्दी का रिश्ता केवल कानून और व्यवस्था तक सीमित नहीं होता, बल्कि संवेदनाओं और इंसानियत के धागों से भी जुड़ा होता है। इसका खूबसूरत उदाहरण सुकेत थाने के पुलिसकर्मियों ने पेश किया। थाने में लंबे समय से सफाई कार्य कर रहे हंसराज की बेटी कविता की शादी में पुलिसकर्मियों ने मायरा भरकर न केवल एक परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया, बल्कि भाई का फर्ज निभाते हुए अपनत्व और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल कायम की।

 

श्रीकृष्ण मांगलिक भवन में बुधवार शाम आयोजित विवाह समारोह में सुकेत थाना स्टाफ के करीब 40 जवान एक परिवार की तरह मायरा लेकर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मिलकर 71 हजार रुपए नकद और परिवार के सदस्यों के लिए कपड़े भेंट किए। खाकी वर्दी में पहुंचे जवानों का यह आत्मीय अंदाज समारोह में मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा।

 

इस दौरान सीआई महावीर भार्गव, एसआई मुकेश परेता, टाउन चौकी प्रभारी शिवदयाल, जुल्मी चौकी प्रभारी मुकेश स्वामी और सातलखेड़ी चौकी प्रभारी रामचरण सिंह सहित थाना स्टाफ के जवान मायरा लेकर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दुल्हन के पिता हंसराज को साफा पहनाकर और उनकी माता को ओढ़नी ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं हंसराज ने भी सभी पुलिसकर्मियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

**परिवार की खुशियों में बने सहभागी**

 

जानकारी के अनुसार हंसराज के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें तीन बेटियों और एक बेटे का विवाह पहले ही हो चुका है। बेटी कविता का विवाह परिवार का अंतिम विवाह था। लंबे समय से सुकेत थाने में सफाई कार्य कर रहे हंसराज के परिवार की इस खुशी को पुलिसकर्मियों ने अपनी खुशी समझा और मायरा भरकर भाई का दायित्व निभाया।

पुलिसकर्मियों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि रिश्ते केवल खून से ही नहीं बनते, बल्कि प्रेम, सहयोग और संवेदनाओं से भी गहरे हो जाते हैं। वर्दी के पीछे छिपी इंसानियत और अपनत्व की इस तस्वीर ने सामाजिक एकजुटता की एक सुंदर मिसाल पेश की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *