अजमेर की सोनीजी की नसियां में आज गूंजेगी आचार्य विद्यासागर महाराज की भक्ति, कल नवप्रतिष्ठित छतरी में विराजेंगे चरण कमल
**दो दिवसीय चरण स्थापना महोत्सव का होगा शुभारंभ, जिनाभिषेक, शांतिधारा, मंगल प्रवचन और भव्य धार्मिक आयोजन होंगे; नसियां के निर्माता भागचंद सोनी की प्रतिमा का भी होगा अनावरण**
**अजमेर।*
* धर्म, आस्था और गुरु भक्ति के अनुपम संगम का साक्षी बनने जा रहा है अजमेर का ऐतिहासिक धार्मिक स्थल सोनीजी की नसियां। यहां श्री दिगंबर जैन सिद्धकूट चैत्यालय टेंपल ट्रस्ट की ओर से दिगंबर जैनाचार्य परम पूज्य विद्यासागर महाराज के चरण स्थापना महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन बुधवार से शुरू होगा। इस दौरान गुरु भक्ति, धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य आयोजनों के बीच श्रद्धालु गुरुदेव के चरणों में अपनी भावांजलि अर्पित करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन बुधवार शाम 5 बजे गाजे-बाजे के साथ आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि निष्पक्ष सागर एवं मुनि निष्पृह सागर महाराज का सोनीजी की नसियां में मंगल प्रवेश होगा। इसके बाद परिसर में स्थित मानस्तंभ के पास आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम भव्य भक्ति संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें कुशलमन के भजन गायक गौरव जैन अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से गुरु भक्ति की रसधारा प्रवाहित करेंगे।


**गुरुवार को छतरी में स्थापित होंगे आचार्यश्री के चरण कमल**
महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को नवनिर्मित छतरी में आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के पावन चरण कमल स्थापित किए जाएंगे। इसी अवसर पर सोनीजी की नसियां के निर्माता भागचंद सोनी की प्रतिमा का भी अनावरण होगा। यह आयोजन गुरु स्मृति और धार्मिक विरासत को समर्पित विशेष अवसर होगा।

**सुबह 6:30 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान**
आयोजन की जानकारी देते हुए प्रवक्ता कमल गंगवाल ने बताया कि गुरुवार को सुबह 6:30 बजे जिनाभिषेक एवं शांतिधारा के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। सुबह 7 बजे संगीतमय आचार्य छत्तीसी महामंडल विधान पूजन तथा 8:30 बजे मुनिश्री के मंगल प्रवचन होंगे।
इसके बाद सुबह 9:30 बजे आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नवप्रतिष्ठित चरणों का नूतन छत्र, चंवर एवं सोनीजी की नसियां के निर्माता भागचंद सोनी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। सुबह 10:15 बजे दोनों मुनिराजों की आहारचर्या होगी।
संगीमय विधान पूजन में बैठने के इच्छुक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। वहीं शाम 6 बजे आचार्य भक्ति एवं आरती के साथ दो दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
**कई राज्यों से पहुंचेंगे श्रद्धालु**
आयोजकों के अनुसार महोत्सव में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के साथ कोलकाता, दिल्ली सहित अनेक राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजक प्रमोद चंद सोनी एवं प्रवक्ता कमल गंगवाल ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। प्रदीप गड़िया ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चरण कमलों की स्थापना का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए गुरु स्मृति, श्रद्धा और भक्ति का अविस्मरणीय अवसर बनेगा।
