अक्षय सागर महाराज अक्षय थे, अक्षय हैं और अक्षय रहेंगे…
जीर्ण-क्षीण जिनवाणी के संरक्षण से लेकर दक्षिण भारत में जिनशासन की प्रभावना तक, उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
2300 किलोमीटर का बिहार कर गुरु आज्ञा से पहुंचे थे कुंडलपुर महोत्सव, आचार्य श्री समयसागर महाराज के प्रति भी रहा अद्भुत समर्पण
जिनशासन की प्रभावना, जिनवाणी के संरक्षण और श्रमण संस्कृति के संवर्धन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले परम पूज्य मुनि श्री 108 अक्षय सागर महाराज का समाधिमरण निश्चित रूप से जैन समाज और श्रमण परंपरा के लिए अपूरणीय क्षति है। परम पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के परम शिष्य एवं वर्तमान नवाचार्य परम पूज्य आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज के आज्ञानुवर्ती मुनि श्री का अवसान मानो श्रमण परंपरा के आकाश से एक तेजस्वी नक्षत्र के अस्त होने जैसा है।
महाराज श्री का व्यक्तित्व केवल तप, त्याग और संयम तक सीमित नहीं था, बल्कि जिनवाणी के संरक्षण और जिनधर्म की प्रभावना के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता भी उनके जीवन की विशिष्ट पहचान थी। उन्होंने जीर्ण-क्षीण जिनवाणी के संरक्षण के साथ उसके अनेक भाषाओं में अनुवाद का महत्वपूर्ण कार्य कराया। दक्षिण भारत में जैन धर्म की जड़ों को मजबूत करने और जिनशासन की प्रभावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। वे वास्तव में दक्षिण भारत में जिनधर्म के प्रभावना सूर्य के समान थे।
2300 किलोमीटर का बिहार कर पहुंचे थे कुंडलपुर महोत्सव
मुनि श्री का अपने गुरु के प्रति समर्पण कितना अद्भुत था, इसका एक प्रेरक उदाहरण वर्ष 2022 में आयोजित कुंडलपुर महामहोत्सव के दौरान देखने को मिला। गुरु आज्ञा के पालन और महोत्सव में सहभागिता के लिए महाराज श्री ने लगभग 2300 किलोमीटर का लंबा विहार किया और कुंडलपुर पहुंचे।
यह प्रसंग उनके दृढ़ संकल्प, असाधारण साधना और गुरु के प्रति अगाध श्रद्धा का परिचायक है। इतनी लंबी पदयात्रा भी उनके उत्साह और समर्पण को डिगा नहीं सकी। उनका जीवन गुरु भक्ति और आज्ञाकारिता की एक अनुपम मिसाल रहा।
आचार्य श्री समयसागर महाराज के प्रति भी रहा अद्भुत समर्पण
मुनि श्री अक्षय सागर महाराज का वर्तमान नवाचार्य परम पूज्य आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज के प्रति भी विशेष अनुराग और समर्पण रहा। आचार्य पद पर उनके पदारोहण के पश्चात महाराज श्री ने अपना प्रथम वर्षायोग मड़ावरा (ललितपुर) में किया, लेकिन पिच्छिका परिवर्तन का सौभाग्य उन्होंने आचार्य श्री के पावन हस्तकमलों से प्राप्त किया। यह पिच्छिका परिवर्तन खजुराहो में संपन्न हुआ था।
इस प्रसंग से रामगंजमंडी नगर का भी विशेष जुड़ाव रहा। महाराज श्री की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य रामगंजमंडी के धर्मनिष्ठ श्रावक श्री सुरेश कुमार एवं श्रीमती रेखा जैन बाबरिया (दोतड़ा वाले) को मिला था।
श्री सुरेश कुमार एवं श्रीमती रेखा जैन बताते हैं कि महाराज श्री का वात्सल्य, उनकी साधना और संयम अत्यंत विलक्षण था। स्वभाव से वे बेहद विनम्र थे, लेकिन साधना और नियमों के पालन में उतने ही दृढ़ एवं कठोर अनुशासन वाले थे। उन्होंने महाराज श्री के सान्निध्य और आशीर्वाद को निकट से अनुभव किया।
उनके अनुसार महाराज श्री निष्प्रही और निर्मोही साधक थे। उनके जीवन में साधना और आत्मकल्याण ही सर्वोपरि था। उनका स्नेह, सहजता और आध्यात्मिक तेज सदैव स्मृतियों में बना रहेगा।
सराक समाज में जिनधर्म की प्रभावना के बने प्रेरणास्रोत
मुनि श्री अक्षय सागर महाराज का एक और महत्वपूर्ण योगदान सराक समाज में जैन धर्म की प्रभावना से जुड़ा रहा। सराक समाज में जैन धर्म के पुनर्जागरण और धार्मिक चेतना के प्रसार में आचार्य श्री ज्ञानसागर महाराज का ऐतिहासिक योगदान रहा था। उनके समाधिमरण के पश्चात समाज को निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन देने वाले व्यक्तित्व की आवश्यकता थी।
ऐसे समय में मुनि श्री अक्षय सागर महाराज ने जैन संघ पुणे के माध्यम से सराक समाज के बीच जिनधर्म की प्रभावना और धार्मिक जागृति के लिए प्रेरक भूमिका निभाई। उन्होंने समाज को अपनी जैन परंपरा, संस्कृति और धर्म से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए।
नाम के अनुरूप अक्षय रहे उनके आध्यात्मिक अवदान
मुनि श्री अक्षय सागर महाराज का जीवन त्याग, तपस्या, गुरु भक्ति, विनम्रता और जिनशासन के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम था। उन्होंने जिनवाणी के संरक्षण से लेकर समाज में धार्मिक चेतना के संचार तक अनेक ऐसे कार्य किए, जिनकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देती रहेगी।
उनका भौतिक शरीर भले ही आज हमारे बीच नहीं रहा, लेकिन जिनवाणी के संरक्षण, जिनधर्म की प्रभावना और श्रमण संस्कृति के संवर्धन के लिए किए गए उनके कार्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
नाम अक्षय सागर था, उनका आध्यात्मिक अवदान भी अक्षय है। वे अपने कार्यों, साधना और स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेंगे।
ऐसे दिव्य, तपस्वी एवं महान साधक के पावन चरणों में कोटि-कोटि नमन। विनयांजलि!
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
