विहार के दौरान मुनि श्री 108 अक्षयसागरजी महाराज की समाधि, श्रमण परंपरा को अपूरणीय क्षति
**आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज एवं वर्तमान आचार्य श्री समयसागरजी महाराज के परम प्रभावक शिष्य ने ली समाधि — आगमोक्त चर्या और उत्कृष्ट संयम साधना के पालन में समर्पित रहा संपूर्ण जीवन**
**महाराष्ट्र।**
अत्यंत दुखद एवं हृदय को व्यथित कर देने वाला समाचार सामने आया है। परम पूज्य मुनि श्री 108 अक्षयसागरजी महाराज की महाराष्ट्र में विहार के दौरान समाधि हो गई। एक उत्कृष्ट संयमी साधक के इस देहावसान से जैन समाज और श्रमण परंपरा में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनि श्री का विहार महाराष्ट्र के शिरड शाहपुर क्षेत्र में चल रहा था। इसी दौरान शिरड शाहपुर से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर अचानक उनकी समाधि हो गई। इस समाचार से धर्मावलंबियों में गहरी वेदना और शोक का वातावरण है।
**आचार्य परंपरा के प्रभावक शिष्य, आगमोक्त चर्या के दृढ़ पालक**
परम पूज्य मुनि श्री 108 अक्षयसागरजी महाराज, आचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महाराज एवं वर्तमान आचार्य श्री 108 समयसागरजी महाराज के परम प्रभावक शिष्य थे। वे आगमोक्त चर्या का पालन करने वाले तथा उत्कृष्ट संयम साधना में निरंतर समर्पित रहने वाले तपस्वी साधक थे।
उनका जीवन त्याग, तपस्या, आत्मसंयम और धर्म आराधना का अनुपम उदाहरण रहा। श्रमण संस्कृति के आदर्शों को आत्मसात करते हुए उन्होंने अपने संयममय जीवन से आध्यात्मिक साधना की प्रेरणा दी।
**स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेगी संयम साधना**
किसी तपस्वी संत का जाना केवल एक व्यक्तित्व का विछोह नहीं, बल्कि उनके सान्निध्य, साधना और आध्यात्मिक प्रेरणाओं से जुड़े असंख्य श्रद्धालुओं के लिए गहरी वेदना का क्षण होता है। मुनि श्री अक्षयसागरजी महाराज का त्यागमय जीवन, कठोर संयम, तपश्चर्या और धर्म के प्रति समर्पण सदैव श्रद्धालुओं के हृदय में स्मरणीय रहेगा।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
