एक दिन में 1.15 लाख से अधिक प्रतियों की प्री-बुकिंग! ‘प्रमाण पूजांजलि’ ने रचा विश्व कीर्तिमान, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई ऐतिहासिक उपलब्धि
45 मिनट में एक लाख से अधिक पुस्तकों की बुकिंग ने बनाया अनूठा रिकॉर्ड, राष्ट्रसंत मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज की आध्यात्मिक कृति को देश-विदेश के जैन समाज ने हाथोंहाथ अपनाया
**मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज बोले– पूजा केवल विधि-विधान नहीं, बल्कि जीवन को शुद्ध और सार्थक बनाने की कला है**
**मधुबन (सम्मेदशिखर)।**
आस्था जब संकल्प का रूप लेती है और आध्यात्मिक विचार जन-जन तक पहुंचते हैं, तो इतिहास के पन्नों पर नए कीर्तिमान दर्ज होते हैं। कुछ ऐसा ही अद्भुत दृश्य जैन समाज की आध्यात्मिक चेतना के क्षेत्र में देखने को मिला है। राष्ट्रसंत मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज की पावन प्रेरणा और रचनात्मक साधना से साकार हुई अनुपम धार्मिक कृति **‘प्रमाण पूजांजलि’** ने प्री-बुकिंग के क्षेत्र में ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसने जैन समाज की सामूहिक आस्था और धर्म के प्रति समर्पण को वैश्विक पहचान दिलाई है।
20 नवंबर 2026 को महज एक दिन में इस पुस्तक की 1 लाख 15 हजार से अधिक प्रतियों की प्री-ऑर्डर बुकिंग हुई। इतना ही नहीं, लगभग 45 मिनट में एक लाख से अधिक प्रतियों की बुकिंग का विशेष रिकॉर्ड भी बना। धार्मिक साहित्य के क्षेत्र में इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि केवल एक पुस्तक की लोकप्रियता नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साहित्य के प्रति समाज के गहरे अनुराग, गुरुभक्ति और धर्म-संस्कृति को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बन गई है।

### पूजा को कर्मकांड से आगे जीवन साधना के रूप में प्रस्तुत करती है ‘प्रमाण पूजांजलि’
‘प्रमाण पूजांजलि’ की विशेषता यह है कि इसमें पूजा को केवल विधि-विधान, सामग्री अथवा द्रव्य समर्पण तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उसके पीछे छिपे आध्यात्मिक भाव, आत्मशुद्धि और जीवन को संस्कारित करने की भावना को प्रमुखता दी गई है।
राष्ट्रसंत मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज ने इस कृति के आध्यात्मिक महत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि पूजा केवल एक विधि नहीं, बल्कि जीवन में जीने की कला है। पूजा का वास्तविक उद्देश्य शुद्ध भावों, श्रद्धा और समर्पण के माध्यम से आत्मा को परमात्मा से जोड़ना है। जब आराधना बाहरी क्रियाओं से आगे बढ़कर अंतर्मन की शुद्धि का माध्यम बनती है, तभी उसका वास्तविक आध्यात्मिक स्वरूप प्रकट होता है।


### मुनि श्री संधान सागर महाराज की प्रेरणा से विश्वव्यापी अभियान बना
गुणायतन एवं श्री सेवायतन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि का विशेष उल्लेख शंका समाधान के ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में किया गया।


उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत गुणायतन के शिरोमणि संरक्षक निकुंज मेहता (बैंकॉक), मोहित जैन (कानपुर) तथा सुरेंद्र-प्रीति जैन (गुवाहाटी) ने की थी।
अष्टान्हिका महापर्व के दौरान जब इस पूजा को इसके रचयिता मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज ने मुनि श्री संधान सागर महाराज के साथ लयबद्ध एवं संगीतमय स्वरूप में संपन्न कराया, तो श्रद्धालु इसके भावों और प्रस्तुति से अत्यंत प्रभावित हुए। इसके बाद इस अमूल्य आध्यात्मिक धरोहर को देश-दुनिया के प्रत्येक जैन मंदिर, जिनालय और जैन परिवार तक पहुंचाने का विचार आकार लेने लगा।
मुनि श्री संधान सागर महाराज की प्रेरणा से गुणायतन परिवार ने इस संकल्प को अभियान का स्वरूप दिया। भारत सहित विश्व के अनेक देशों में निवासरत जैन परिवारों ने ऑनलाइन माध्यम से इस पूजन को पीडीएफ के जरिए संपन्न किया। श्रद्धालुओं के बीच इसकी लोकप्रियता और पुस्तक की मांग लगातार बढ़ती गई। परिणाम यह रहा कि देखते ही देखते प्री-बुकिंग का आंकड़ा एक ही दिन में 1.15 लाख के पार पहुंच गया।

### सरलता और शास्त्रीयता का अनूठा संगम
मुनि श्री संधान सागर महाराज ने कहा कि गुरुदेव ने इस कृति में पूजा के महत्व, उसकी भावना और आध्यात्मिक स्वरूप को सरल भाषा तथा शास्त्रीय दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया है। यह कृति श्रद्धालुओं को पूजा के वास्तविक मर्म से परिचित कराने के साथ ही धार्मिक परंपराओं को समझने और जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।
वहीं बाल ब्रह्मचारी अशोक भैया एवं अभय भैया ने इस उपलब्धि को मुनि श्री संधान सागर महाराज की दूरदर्शी परिकल्पना और प्रेरणा का परिणाम बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि के साथ उनके प्रयासों का अभिनंदन किया।
### प्रमाणपत्र ग्रहण कर गुणायतन परिवार ने साझा की ऐतिहासिक उपलब्धि
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि की ओर से भेजे गए संदेश में 20 नवंबर 2026 को एक ही दिन में 1 लाख 15 हजार से अधिक प्रतियों की प्री-ऑर्डर बुकिंग तथा लगभग 45 मिनट में एक लाख से अधिक प्रतियों की बुकिंग के कीर्तिमान की पुष्टि की गई।
धार्मिक पुस्तक की सर्वाधिक प्री-ऑर्डर बुकिंग की इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र गुणायतन की प्रबंधकीय एवं कार्यकारी परिषद के पदाधिकारियों ने अनेक सहयोगियों की उपस्थिति में ग्रहण किया।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में गुणायतन एवं श्री सेवायतन के पदाधिकारियों, सदस्यों और देश-विदेश के असंख्य श्रद्धालुओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
‘प्रमाण पूजांजलि’ का यह कीर्तिमान एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे रहा है कि आज के डिजिटल युग में भी यदि धार्मिक साहित्य में ज्ञान, भाव, सरलता और आध्यात्मिक गहराई का समन्वय हो, तो वह सीमाओं को पार कर लाखों लोगों के हृदय तक पहुंच सकता है। यह उपलब्धि जैन समाज की धार्मिक चेतना और अपनी आध्यात्मिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की भावना को नई ऊर्जा देने वाली साबित होगी।
*संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312
**
