कमला नगर में चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा ने रच दिया भक्ति और वैभव का अनूठा दृश्य, श्वेत रथ पर सवार हुए सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन बने भरत चक्रवर्ती

धर्म

कमला नगर में चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा ने रच दिया भक्ति और वैभव का अनूठा दृश्य, श्वेत रथ पर सवार हुए सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन बने भरत चक्रवर्ती

आगरा

ढोल-नगाड़ों की गूंज, भव्य झांकियों, सजे-धजे घोड़ों, बैंड दल और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच कमला नगर में चक्रवर्ती की ऐतिहासिक दिग्विजय शोभायात्रा निकली। श्वेत रथ पर सौधर्म इंद्र के रूप में राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सवार हुए, वहीं उनके छोटे भाई चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती का स्वरूप धारण कर दिग्विजय उत्सव की परंपरा को जीवंत किया। शोभायात्रा के दौरान भक्ति, धार्मिक वैभव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा संगम दिखाई दिया कि पूरा क्षेत्र भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

 

 

 

डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के छठवें दिन यह भव्य आयोजन हुआ। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित महोत्सव में देश की शांति, विश्व कल्याण, राष्ट्रसेवा और सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगल भावना भी व्यक्त की गई।

प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चना, अष्टद्रव्य समर्पण और अर्घ्य अर्पित किए गए। धार्मिक अनुष्ठान में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र-इंद्राणी के रूप में सहभागिता निभाई।

 

## भरत चक्रवर्ती के स्वरूप में चक्रेश जैन, श्वेत रथ पर सौधर्म इंद्र

 

महोत्सव के छठवें दिन का सबसे बड़ा आकर्षण चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय शोभायात्रा रही, जिसे आयोजकों द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित किए जाने का दावा किया गया। शोभायात्रा में सांसद नवीन जैन के छोटे भाई चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती का स्वरूप धारण किया, वहीं सांसद नवीन जैन अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विशेष श्वेत रथ पर सवार होकर शामिल हुए।

 

शोभायात्रा का दृश्य धार्मिक परंपरा, भव्यता और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत संगम रहा। यात्रा के अग्रिम भाग में बैनर लेकर चल रहे श्रद्धालुओं के पीछे नगाड़ा वादक के साथ सुसज्जित ऊंट, जैन ध्वजवाहक, वर्दीधारी संचालकों के साथ पांच आकर्षक घोड़ियां, ढोल दल, बच्चों की झांकी और बुआओं की झांकी शामिल रही। छह मंचीय झांकियां, डीजे वाहन, अनेक बैंड दल, श्रीजी का भव्य रथ, पूज्य महाराजश्री का ससंघ विहार तथा 12 छत्रधारी शोभायात्रा की गरिमा बढ़ा रहे थे।

 

ढोल-नगाड़ों की गूंज और बैंड की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

 

## मार्ग में जगह-जगह स्वागत, पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन

 

शोभायात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर चक्रेश जैन की कोठी, सी-ब्लॉक, श्रीराम मंदिर और टंकी रोड होते हुए डी-ब्लॉक की ओर से पुनः मुख्य पंडाल पहुंची। यात्रा मार्ग में व्यापारी वर्ग, श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जगह-जगह स्वागत किया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंजता रहा।

 

मुख्य पंडाल पहुंचने पर भरत चक्रवर्ती के स्वरूप में चक्रेश जैन ने किमिच्छतदान देकर दिग्विजय उत्सव की परंपरा को साकार किया। इस प्रसंग ने दान, त्याग, परोपकार और लोककल्याण की भावना को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

 

## मंच पर जीवंत हुए भरत चक्रवर्ती से लेकर भगवान ऋषभदेव के प्रसंग

 

शोभायात्रा के साथ आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती के जन्म से विवाह तक के जीवन प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया। इसके साथ ही भगवान ऋषभदेव का वैराग्य, चक्ररत्न की उत्पत्ति और भगवान के केवलज्ञान जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को जैन धर्म की गौरवशाली परंपरा और आध्यात्मिक संदेश से जोड़ दिया। प्रस्तुतियों के दौरान पंडाल भगवान के जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालु भावविभोर दिखाई दिए।

 

## मनुष्य अपने जीवन की दिशा स्वयं समझे, अज्ञानता से बाहर निकलने का प्रयास करे : मुनि श्री समत्वसागर जी

 

मंगल प्रवचन में मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने जीवन की दिशा और दशा को मनुष्य के ज्ञान एवं अज्ञान से जोड़ते हुए आत्मचिंतन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार में स्वयं को ज्ञानी समझता है, लेकिन अपने दुखों के वास्तविक कारणों को पहचानने में असमर्थ रहता है। अनेक लोग यह मान लेते हैं कि उनके जीवन में घटित होने वाली घटनाएं किसी बाहरी सत्ता अथवा ईश्वर की इच्छा से नियंत्रित हैं।

 

कठपुतली का उदाहरण देते हुए मुनि श्री ने समझाया कि यदि मनुष्य का प्रत्येक कार्य किसी दूसरी सत्ता के नियंत्रण में है, तो फिर उसके स्वयं के अस्तित्व, निर्णय और पुरुषार्थ का महत्व क्या रह जाता है? उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे अपने जीवन की दिशा, निर्णय और कर्मों को समझें तथा अज्ञानता से बाहर निकलकर सत्य को पहचानने का प्रयास करें। मुनि श्री के विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन और अपने जीवन के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी।

 

नौ दिवसीय महोत्सव का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, अंकिता जैन एवं आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही शुभम जैन, राहुल जैन, सकल दिगंबर जैन समाज कमला नगर के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग, आगरा के जैन संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शुभम जैन से प्राप्त जानकारी, संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी। 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *