2018 में ललितपुर में देखने को मिला था आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की करुणा का अनुपम दृश्य… स्वयं पहुंचे दिव्यांग जगदीश के द्वार
एक छोटे से घर में पहुंचकर गुरुवर ने दिया वात्सल्य और आध्यात्मिकता का संदेश, उस पल को देख श्रद्धालु हुए भावविभोर… आज भी स्मृतियों में जीवंत है करुणा का वह प्रसंग
ललितपुर।
संत की करुणा किसी सीमा, परिस्थिति अथवा वैभव की मोहताज नहीं होती। वह जहां जरूरत महसूस करती है, वहां स्वयं पहुंच जाती है। लगभग वर्ष 2018 में ललितपुर की पावन धरा पर आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर महाराज की करुणा, वात्सल्य और संवेदनशीलता का ऐसा ही एक अनुपम दृश्य देखने को मिला था, जो आज भी स्मृतियों में श्रद्धा के साथ जीवंत है।यह प्रसंग उस समय का है, जब आचार्य श्री का संघ मध्याह्न में सामायिक के पश्चात क्षेत्रपाल मंदिर से पंचकल्याणक स्थल स्थित गोशाला की ओर विहार कर रहा था। विहार के दौरान गुरुवर एक निर्धन एवं दिव्यांग युवक जगदीश के घर के द्वार पर पहुंच गए। लगभग 32-33 वर्ष के जगदीश आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। उनके पिता पप्पू चाय बेचकर परिवार का जीवनयापन करते हैं।
घर बेहद छोटा था, लेकिन उस दिन वहां पहुंची संत कृपा ने उस घर को भावनाओं और श्रद्धा से भर दिया। आचार्य श्री को अपने द्वार पर देखकर जगदीश अपने दिव्यांग शरीर से धीरे-धीरे सरकते हुए गुरुवर के समीप पहुंचे और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। यह दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला था।


प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र कुमार जैन एवं वर्धमान जैन ने इस प्रसंग को स्मरण करते हुए बताया कि आचार्य श्री की करुणा और उस समय का दृश्य शब्दों में व्यक्त करना सहज नहीं था। गुरुवर का स्वयं उस छोटे से घर के द्वार तक पहुंचना, जगदीश को आत्मीयता से संबोधित करना और परिवार को आध्यात्मिक संदेश देना, उनकी करुणाशीलता का विलक्षण उदाहरण था।


आचार्य श्री ने परिवार के सभी सदस्यों को ॐ का जाप करने का संदेश दिया और उन्हें संबोधित किया। गुरुवर के सान्निध्य और आशीर्वचन से परिवार आनंदित हो उठा। उस परिवार के लिए वह क्षण जीवन की ऐसी अनमोल स्मृति बन गया, जिसकी खुशी शब्दों में बयां करना संभव नहीं था।
आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर महाराज की साधना केवल आत्मकल्याण तक सीमित नहीं थी, उनकी करुणा जीवमात्र के प्रति सहज रूप से प्रवाहित होती थी। उनकी दृष्टि में किसी की आर्थिक स्थिति, शारीरिक क्षमता अथवा सामाजिक परिस्थिति बाधा नहीं थी। वे आत्मीयता, वात्सल्य और आध्यात्मिक प्रेरणा से प्रत्येक व्यक्ति को स्पर्श करते थे।
वर्ष 2018 का ललितपुर का यह प्रसंग आज भी इस बात का साक्षी है कि गुरुवर की महानता केवल उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व में ही नहीं, बल्कि उस करुणा में भी थी, जो किसी जरूरतमंद के द्वार तक पहुंचने में संकोच नहीं करती थी।**
क्या खूब भाव हैं उस स्मृति में…
करुणा के भंडार हमारे गुरुवर, हमारे गुरुवर जी…
भव-दुःख मेटनहार हमारे गुरुवर…
जय हो गुरुवर!
अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312
