क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार मनुष्य के तीन सबसे बड़े शत्रु, इन पर विजय पाना ही सच्ची आत्मविजय : अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज
क्रोध शांति छीनता है, ईर्ष्या प्रसन्नता और अहंकार अपनों को दूर कर देता है
औरंगाबाद (विशेष प्रतिनिधि)।
पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागरजी महाराज ने जीवन को सुखी, शांतिपूर्ण और सार्थक बनाने के लिए क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार जैसे आंतरिक विकारों पर विजय प्राप्त करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
आचार्य श्री ने कहा कि क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार मनुष्य के भीतर छिपे ऐसे तीन शत्रु हैं, जो धीरे-धीरे उसकी सोच, संबंधों और व्यक्तित्व को कमजोर कर देते हैं। मनुष्य बाहरी दुनिया को जीतने का प्रयास करता है, लेकिन अपने मन के इन विकारों पर विजय प्राप्त नहीं कर पाता। वास्तव में सच्ची सफलता वही है, जिसमें व्यक्ति स्वयं पर नियंत्रण रखना सीख जाए।


क्रोध पर नियंत्रण ही शांति का मार्ग
आचार्य श्री ने कहा कि क्रोध में मनुष्य अपना विवेक खो बैठता है। गुस्से में बोले गए कठोर शब्द और उठाए गए गलत कदम बाद में पछतावे का कारण बनते हैं। दो मिनट का गुस्सा वर्षों पुराने रिश्ते को भी तोड़ सकता है। इसलिए जब क्रोध आए तो तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ समय मौन रहना चाहिए, पानी पीना चाहिए, दस तक गिनती करनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर उस स्थान से कुछ देर के लिए हट जाना चाहिए। क्रोध पर नियंत्रण रखने वाला व्यक्ति ही वास्तविक अर्थों में शक्तिशाली होता है।


♦
ईर्ष्या क्यों और किससे करें?
आचार्य श्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपसे आगे निकल गया, किसी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर लिया या किसी को आपसे अधिक सफलता मिल गई, तो उससे ईर्ष्या करने की क्या आवश्यकता है? उसकी सफलता के पीछे छिपी मेहनत और लगन को देखिए। ईर्ष्या करने से दूसरे व्यक्ति का कुछ नहीं बिगड़ता, बल्कि आपका अपना मन अशांत होता है। दूसरों की सफलता से जलने के बजाय उससे प्रेरणा लेकर स्वयं आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
अहंकार मनुष्य के पतन का कारण
अहंकार पर प्रहार करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि मैं ही सबसे श्रेष्ठ हूं, मुझे सब कुछ आता है और मेरे समान कोई नहीं है, ऐसी सोच मनुष्य के पतन का कारण बनती है। ज्ञान बांटने से बढ़ता है, जबकि अहंकार मनुष्य को भीतर से छोटा कर देता है। अहंकार आपको ऊंचा नहीं उठाता, बल्कि अपनों की नजरों में छोटा बना देता है। विनम्रता ही मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है।
तीनों विकारों पर विजय पाने के लिए करें ये प्रयास
आचार्य श्री ने आत्मकल्याण के लिए कुछ सरल उपाय बताते हुए कहा कि प्रतिदिन पांच मिनट मौन रहकर आत्मचिंतन करें। अपनी गलती होने पर बिना संकोच क्षमा मांगें। किसी की अच्छाई देखकर खुले मन से उसकी प्रशंसा करें और किसी भी परिस्थिति में प्रतिक्रिया देने से पहले विवेक का उपयोग करें। इन छोटी-छोटी बातों को जीवन में अपनाकर मनुष्य अपने स्वभाव में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
क्रोध से खुद को खो दोगे, ईर्ष्या से भविष्य खो दोगे और अहंकार से सबको खो दोगे।
आचार्य श्री ने कहा कि जीवन में दूसरों को जीतने से पहले अपने मन को जीतना सीखिए। जिस दिन मनुष्य अपने क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार पर विजय प्राप्त कर लेगा, उसी दिन उसके जीवन में शांति, प्रसन्नता और आत्मिक आनंद का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। यही सच्ची आत्मविजय है।
सकल जैन समाज के प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेएवं पियूष कासलीवाल, औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
