राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सपत्नीक सौधर्म इंद्र बनकर परिवार सहित समर्पित किए 24 अर्घ्य, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य की कामना
**पीएनसी परिवार के नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विशेष शांतिधारा, मंगल आरती, भजन संध्या और ‘मैना सुंदरी’ नाटक ने बांधा समां**
**आगरा।** अष्टान्हिका महापर्व की पावन बेला में ताजनगरी आगरा का डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर भक्तिरस और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। पीएनसी परिवार, आगरा के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के तीसरे दिन गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों, विशेष शांतिधारा, भक्ति संगीत और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विधान में सहभागिता करते हुए परिवार सहित सिद्धचक्र महामंडल पर विधि-विधानपूर्वक 24 अर्घ्य समर्पित किए। सांसद नवीन जैन की इस धार्मिक सहभागिता ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। विशाल आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की उपस्थिति और जिनेंद्र भगवान के जयकारों से वातावरण धर्ममय बना रहा।

### प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की खुशहाली के लिए हो रही विशेष आराधना
इस नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुख-समृद्धि, विश्व शांति और मानव कल्याण की मंगलभावना से भी जुड़ा है। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना की जा रही है। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के संदेश से देश-दुनिया में शांति, सद्भाव और सुख-समृद्धि का संचार हो, ऐसी भावना के साथ आराधना की जा रही है।
मुनिश्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री 108 शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से आदिनाथ भगवान का अभिषेक किया तथा विशेष शांतिधारा के माध्यम से विश्व शांति और प्राणीमात्र के कल्याण की मंगलभावना व्यक्त की। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजन-अर्चना करते हुए मंडल पर अर्घ्य समर्पित किए गए।
### ‘प्रधानमंत्री का राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत’ : नवीन जैन
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से यही मंगलकामना कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और देश की सेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति, ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होती रहे।
उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भगवान महावीर के संदेशों को जीवन में अपनाकर ही समाज और विश्व में शांति, प्रेम एवं सद्भावना को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, एकता और सेवा की भावना को भी सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. डीवी शर्मा एवं डॉ. पार्थ सारथी शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने पीएनसी परिवार के इस भव्य धार्मिक आयोजन की सराहना की।
### धर्म केवल अनुष्ठान नहीं, जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है : मुनिश्री समत्वसागर जी
मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में धर्म की वास्तविक भावना और धार्मिक क्रियाओं के पीछे छिपे आध्यात्मिक सिद्धांतों को समझने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक क्रियाएं कर लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पीछे निहित उद्देश्य और सिद्धांतों को समझकर जीवन में उतारना भी आवश्यक है। धर्म का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब मनुष्य की श्रद्धा जागृत हो और उसके व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देने लगे।
मुनिश्री ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि भौतिक सुख-सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद मनुष्य असंतुष्ट रह सकता है, जबकि संतोष, संयम और सही दृष्टिकोण जीवन को वास्तविक आनंद प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आराधना तभी सार्थक है, जब उसके संदेश को हम अपने दैनिक जीवन और आचरण में अपनाएं। यही सच्ची धर्म साधना है।
### दीपों की जगमगाहट में हुई मंगल आरती, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
सायंकाल श्रीजी की भव्य मंगल आरती का आयोजन हुआ। दीपों की जगमगाहट, घंटियों की मधुर ध्वनि और प्रभु भक्ति के जयकारों के बीच पीएनसी परिवार एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर जिनेंद्र भगवान के चरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित की।
इसके पश्चात भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत की मनमोहक धुनों ने ऐसा समां बांधा कि महिलाएं और युवा श्रद्धालु स्वयं को झूमने से रोक नहीं सके। भजनों की लय पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और पूरा आयोजन स्थल भक्तिरस में डूब गया।
### ‘मैना सुंदरी’ नाटक के मंचन ने किया मंत्रमुग्ध, त्याग और श्रद्धा का मिला संदेश
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में दिल्ली से आए मयूर जैन द्वारा प्रस्तुत ‘मैना सुंदरी’ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक के माध्यम से धार्मिक आस्था, त्याग, तपस्या और अटूट श्रद्धा का प्रभावशाली चित्रण किया गया। कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय और सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। मंचन के दौरान कई भावुक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
### पीएनसी परिवार के भव्य आयोजन में उमड़ा जैन समाज
नौ दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन का कुशल संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल कर रहे हैं। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, भाजपा नेता अनिल सारस्वत एवं हिमांशु मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी के साथ चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन एवं नेहा जैन सहित समस्त पीएनसी परिवार के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन सहित आगरा के विभिन्न जैन संगठनों के पदाधिकारी, समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित यह विधान धर्म, अध्यात्म, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संगम बनता जा रहा है।
**शुभम जैन, आगरा से प्राप्त जानकारी।
**संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी। 9929747312
