पीएनसी परिवार के भव्य आयोजन में धर्ममय हुआ आगरा, मुनिश्री समत्वसागर जी के सान्निध्य में ध्वजारोहण के साथ गूंजा श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगल शंखनाद
**डेढ़ सौ महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर निकाली भव्य घटयात्रा, चार बैंड, बग्घी, ऊंट और घोड़ों के साथ निकली श्रीजी की रथयात्रा ने मोहा मन**
**पीएनसी परिवार आगरा के तत्वावधान में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ, ध्वजारोहण एवं मंडप उद्घाटन के साथ शुरू हुई सिद्धों की आराधना**
**आगरा।**
ताजनगरी आगरा का कमला नगर मंगलवार को भक्ति, आस्था और धर्म आराधना के रंग में सराबोर नजर आया। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा के तत्वावधान में डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य एवं मंगलमय शुभारंभ हुआ। पूज्य मुनि श्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री 108 शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में निकली भव्य घटयात्रा, श्रीजी की रथयात्रा और ध्वजारोहण के मांगलिक दृश्य ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया।
इस आयोजन में पीएनसी परिवार की ओर से की गई भव्य तैयारियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक उल्लास के बीच निकली यात्रा में करीब डेढ़ सौ महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। चार बैंडों की मधुर धार्मिक स्वर लहरियां, आकर्षक बग्घी, सजे-धजे ऊंट और घोड़े तथा भक्ति में झूमते श्रद्धालुओं की कतारों ने यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत हुआ।

**मंगल कलशों की कतार, श्रीजी की रथयात्रा और जयकारों से गूंजा कमला नगर**
मंगलवार सुबह मंदिर परिसर से विधि-विधान के साथ घटयात्रा एवं श्रीजी की भव्य रथयात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में महिलाओं की मंगल कलश धारण किए लंबी कतार श्रद्धा और अनुशासन का अनुपम दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। वहीं बैंड-बाजों की धार्मिक धुनों के बीच भगवान के जयकारे लगाते श्रद्धालु पूरे उत्साह से आगे बढ़ते रहे।

डी-ब्लॉक कमला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यात्रा पुनः आयोजन स्थल पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को भव्य जनधार्मिक उत्सव का स्वरूप दे दिया।
**पीएनसी परिवार के ध्वजारोहण से हुआ नौ दिवसीय विधान का मंगल शंखनाद**
घटयात्रा के आयोजन स्थल पहुंचने के पश्चात मंत्रोच्चार एवं मांगलिक विधि-विधान के बीच ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पीएनसी परिवार की सहभागिता में संपन्न ध्वजारोहण ने नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के मंगल शुभारंभ को विशेष गरिमा प्रदान की। इसके बाद मंडप उद्घाटन किया गया। ध्वजारोहण के साथ ही विधान के निर्विघ्न एवं मंगलमय संपन्न होने तथा विश्व कल्याण की भावना व्यक्त की गई।

इसके पश्चात श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना एवं विधान की विभिन्न मांगलिक क्रियाएं संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित कर सिद्ध परमेष्ठी की आराधना की और पुण्यार्जन किया।
**मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने बताया सिद्धचक्र विधान का आध्यात्मिक महत्व**
इस अवसर पर पूज्य मुनि श्री 108 समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में अष्टानिका महापर्व एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। मुनिश्री ने कहा कि अष्टानिका महापर्व जैन धर्म में विशेष आराधना और आत्मकल्याण का अवसर है। इन दिनों में श्रद्धालु जिनेंद्र भगवान की पूजा-अर्चना के साथ सिद्ध परमेष्ठी की उपासना करते हैं।
श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक उन्नति और सिद्धों के गुणों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य अपने जीवन में संयम, सदाचार और आत्मकल्याण की भावना को स्थान देना है। जिनवाणी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
मुनिश्री के मंगल प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। धर्मसभा में उपस्थित श्रावकों ने भक्तिभाव से गुरुवाणी का श्रवण किया।
**17 से 25 नवंबर तक चलेगी सिद्धों की आराधना, प्रतिदिन होंगे धार्मिक आयोजन**
आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कर पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति, मंगल प्रवचन सहित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीएनसी परिवार एवं आयोजन समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजन समिति के अनुसार 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करेंगे। विधान के माध्यम से विश्व शांति, सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वजन कल्याण की मंगल कामना की जा रही है।
**पीएनसी परिवार की रही विशेष सहभागिता**
इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, मनोज जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, मीना जैन, रेनू जैन, आशिता जैन, माधवी जैन, ईशू जैन, निधि जैन, पलक जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, आयुषी जैन, प्रियंका जैन सहित समस्त पीएनसी परिवार एवं ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
**शुभम जैन से प्राप्त जानकारी | संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी**
