पशुबलि रोकने के अभियान में डॉ. कल्याण गंगवाल का साहसिक संघर्ष, महाराष्ट्र में 90 प्रतिशत तक मिली सफलता; मुनिश्री सुधासागर महाराज के समक्ष रखी अपनी जिज्ञासा

Uncategorized धर्म

पशुबलि रोकने के अभियान में डॉ. कल्याण गंगवाल का साहसिक संघर्ष, महाराष्ट्र में 90 प्रतिशत तक मिली सफलता; मुनिश्री सुधासागर महाराज के समक्ष रखी अपनी जिज्ञासा

**इंदौर।** जीवदया, अहिंसा और शाकाहार के प्रचार-प्रसार को जीवन का उद्देश्य बनाकर कार्य कर रहे पुणे के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. कल्याण गंगवाल ने इंदौर पहुंचकर निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के चरणों में त्रिवार नमोस्तु निवेदित करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर उन्होंने गुरुदेव के समक्ष अपने जीवन के संघर्षों, पशुबलि रोकने के अभियान और शाकाहार के प्रचार से जुड़े अनुभव साझा किए। साथ ही मन में उठ रही आध्यात्मिक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर गुरुदेव का आशीर्वाद लिया।

 

 

धर्मसभा में अपनी बात रखते हुए डॉ. गंगवाल ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि वे आज यहां एक डॉक्टर के नाते नहीं, बल्कि एक श्रावक के नाते गुरुदेव के चरणों में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से वे पशुबलि जैसी अमानवीय परंपरा को रोकने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। महाराष्ट्र में जगह-जगह जनजागरण और समझाइश के माध्यम से उनके अभियान को बड़ी सफलता मिली है। उनके अनुसार महाराष्ट्र में लगभग 90 प्रतिशत तक पशुबलि रोकने में सफलता प्राप्त हुई है और इस दिशा में कानून बनाने के प्रयास भी जारी हैं।

### नेपाल के गढ़ीमाई में 40-50 हजार पशुओं को बचाने का अभियान

डॉ. गंगवाल ने अपने जीवन के एक बेहद चुनौतीपूर्ण अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि नेपाल के गढ़ीमाई में आयोजित होने वाले विशाल पशुबलि आयोजन को रोकने के लिए भी उन्होंने सक्रिय प्रयास किए। यह आयोजन प्रत्येक पांच वर्ष में होता है और इसमें बड़ी संख्या में पशुओं की बलि दी जाती है।

उन्होंने बताया कि वहां लगातार लगभग दस दिनों तक लोगों को समझाने और पशुबलि से विरत करने का प्रयास किया। इस दौरान करीब 40 से 50 हजार पशुओं को बचाने में सफलता मिली। अभियान के दौरान एक ऐसा समय भी आया, जब रात के करीब 12 बजे वे अकेले लोगों को पशुबलि न देने के लिए समझा रहे थे। तभी 100 से 150 लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनके हाथों में पशुबलि के लिए इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार थे और वे उन्हें ही निशाना बनाने की धमकी देने लगे। इसके बावजूद जीवदया के प्रति उनका संकल्प डिगा नहीं और वे अहिंसा का संदेश देने के अपने अभियान में जुटे रहे।

### शाकाहार को बताया स्वस्थ और संस्कारित जीवन का आधार

इस अवसर पर डॉ. गंगवाल ने अपनी पुस्तक **’शाकाहार : जीवन का आधार’** का भी उल्लेख किया। पुस्तक में शाकाहार के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और बच्चों में अहिंसा के संस्कार विकसित करने से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक के विषयवस्तु की सराहना करते हुए मुनिश्री सुधासागर महाराज ने कहा कि ऐसी पुस्तकें बच्चों तक पहुंचनी चाहिए और प्रत्येक स्कूल में इन्हें उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी शाकाहार के महत्व को समझ सके।

### गुरुदेव ने दिया आध्यात्मिक जिज्ञासा का समाधान

डॉ. गंगवाल ने धर्मसभा में अपनी जिज्ञासा रखते हुए कहा कि अक्सर यह सुनने को मिलता है कि भगवान और गुरु हमें कुछ नहीं देते, लेकिन अपने जीवन के अनुभवों से उन्हें यह अनुभूति हुई है कि भगवान और गुरु की कृपा से व्यक्ति को अद्भुत शक्ति और संबल प्राप्त होता है।

इस पर मुनिश्री सुधासागर महाराज ने आध्यात्मिक दृष्टिकोण से समझाते हुए कहा कि भगवान, गुरु और मंत्रों से मिलने वाली शक्ति की कोई सीमा नहीं है। जीवन में जब संकट आता है और व्यक्ति सच्चे मन से भगवान एवं गुरु का स्मरण करता है, तो उसे कठिन परिस्थितियों से जूझने का संबल मिलता है।

डॉ. कल्याण गंगवाल का यह प्रयास संदेश देता है कि जीवदया केवल विचारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे जीवन में उतारने के लिए साहस, समर्पण और निरंतर कर्म की आवश्यकता है। शाकाहार, पशु संरक्षण और अहिंसा के क्षेत्र में उनका अभियान समाज को करुणा और संवेदनशीलता की दिशा में प्रेरित करने वाला है।

अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *