असफलता जीवन का फुलस्टॉप नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अल्पविराम है – अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज
आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है; स्वयं पर विश्वास रखकर निरंतर प्रयास करें – आचार्यश्री
औरंगाबाद (पुष्पगिरी तीर्थ, सोनकच्छ) : जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे जरूरी है स्वयं पर विश्वास। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि मन में आत्मविश्वास, सोच में सकारात्मकता और कर्मों में निरंतरता हो तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं है। असफलता से घबराकर प्रयास छोड़ देना सबसे बड़ी भूल है, क्योंकि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का एक नया अवसर है। यह प्रेरणादायी संदेश व्रत चक्रवर्ती पट्टविभूषण अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने दिया।
औरंगाबाद पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में परम पूज्य पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागरजी महाराज के सान्निध्य में अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय श्री पीयूष सागरजी महाराज ससंघ वर्षायोग हेतु विराजमान हैं। उनके पावन सान्निध्य में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसी श्रृंखला में उपस्थित गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए आचार्यश्री ने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में निरंतर प्रयास करने का महत्व समझाया।
असफलता से डरना नहीं, उससे सीखना चाहिए
आचार्यश्री ने कहा कि असफल होना कोई कमजोरी या शर्म की बात नहीं है। असफलता हमें अपनी कमियों को पहचानने और उनसे सीखकर आगे बढ़ने का अवसर देती है। महान वैज्ञानिक थॉमस एडिसन ने बल्ब के आविष्कार के दौरान अनेक असफल प्रयोग किए, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। अंततः उनके निरंतर प्रयास सफल हुए। जब एडिसन अनेक असफलताओं के बाद भी हार नहीं माने, तो फिर तुम अपनी एक-दो असफलताओं से घबराकर प्रयास क्यों छोड़ देते हो?
आत्मविश्वास का सबसे बड़ा मंत्र – मैं कर सकता हूं!
आचार्यश्री ने कहा कि प्रतिदिन सुबह स्वयं से एक संकल्प करो और आईने में देखकर कहो – मैं कर सकता हूं। आपका मन और मस्तिष्क वही दिशा पकड़ता है, जैसी सोच आप उसे देते हैं। नकारात्मक विचार स्वयं के पैरों पर कुल्हाड़ी मारने के समान हैं। इसलिए अपनी सोच को सकारात्मक बनाइए। जो व्यक्ति स्वयं पर विश्वास करना सीख जाता है, उसके लिए कठिन से कठिन रास्ते भी आसान होने लगते हैं।
दूसरों से तुलना नहीं, स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करें
उन्होंने कहा कि यह मत देखो कि दूसरे लोग कितनी दूर पहुंच गए हैं, बल्कि यह देखो कि तुम कल जहां थे, आज उससे कितना आगे बढ़े हो। किसी की सफलता देखकर ईर्ष्या करने के बजाय उससे प्रेरणा लो। आपकी असली प्रतिस्पर्धा किसी दूसरे व्यक्ति से नहीं, बल्कि स्वयं से है। हर दिन अपने आप को पहले से बेहतर बनाने का प्रयास ही वास्तविक सफलता है।

पुष्पगिरी की पावन भूमि से लें संकल्प की प्रेरणा
आचार्यश्री ने पुष्पगिरी तीर्थ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस पावन भूमि पर कभी पत्थरों और अनेक कठिनाइयों के बीच भव्य मंदिर का निर्माण संभव हो सका, वहां से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी हमारे सपनों के रास्ते की अंतिम बाधा नहीं बन सकतीं। जब संकल्प मजबूत हो और प्रयास ईमानदार हों, तो असंभव दिखाई देने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं। इसलिए अपने मन में विश्वास जगाओ और पूरे उत्साह से आगे बढ़ो।


सपने तभी पूरे होते हैं, जब संकल्प के साथ कर्म भी जुड़ते हैं
आचार्यश्री ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा कि केवल सपने देखने से मंजिल नहीं मिलती। सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास, परिश्रम, धैर्य और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है। दुनिया यदि कहे कि तुमसे नहीं होगा, तो निराश होने के बजाय अपने कर्मों से उसका जवाब दो। अपने प्रयासों से साबित करो कि तुम कर सकते हो।

अंत में आचार्यश्री ने संदेश दिया कि सफलता की पहली सीढ़ी स्वयं पर विश्वास है और जीवन का सबसे बड़ा संकल्प है – मैं कर सकता हूं!


उन्होंने गुरु भक्तों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलताओं से घबराएं नहीं, परिस्थितियों के सामने झुकें नहीं और अपने लक्ष्य से कभी पीछे न हटें। सकारात्मक सोच, मजबूत आत्मविश्वास और निरंतर पुरुषार्थ के बल पर जीवन में सफलता के नए शिखर प्राप्त किए जा सकते हैं।
उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल, औरंगाबाद ने दी।
