जिसे दुनिया समझती है कबाड़, आकांक्षा जैन उसी से गढ़ रही हैं बच्चों का भविष्य
छोटी बिजौलिया राजस्थान
छोटी बिजौलियां की आकांक्षा ने अनुपयोगी वस्तुओं से बनाए 2500 से अधिक टीचिंग लर्निंग मटेरियल और वर्किंग मॉडल, सोशल मीडिया पर 5 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा हुनर; जैन संतों के हूबहू स्केच बनाकर प्राप्त किया आशीर्वाद
हुनर और कुछ नया करने का जज्बा हो तो बेकार समझी जाने वाली चीजों से भी भविष्य संवारने का माध्यम तैयार किया जा सकता है। इसकी मिसाल हैं छोटी बिजौलियां निवासी आकांक्षा जैन। एमए, बीएड (संस्कृत विषय) तक शिक्षा प्राप्त आकांक्षा अपनी रचनात्मक सोच से अनुपयोगी वस्तुओं को बच्चों की पढ़ाई का उपयोगी माध्यम बना रही हैं। उनके हाथों से निकली पुरानी और बेकार वस्तुएं आकर्षक शिक्षण सामग्री एवं वर्किंग मॉडल का रूप ले लेती हैं।

कबाड़ से तैयार कर रहीं ज्ञान का खजाना
आकांक्षा जैन अब तक 2500 से अधिक टीचिंग लर्निंग मटेरियल (TLM) एवं वर्किंग मॉडल तैयार कर चुकी हैं। वे घरों में पड़ी अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर विज्ञान, गणित, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषयों को आसान बनाने वाले मॉडल तैयार करती हैं। इन मॉडलों की खासियत यह है कि बच्चे केवल देखकर नहीं, बल्कि गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से सीख सकते हैं।

उनका उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विषयों को व्यवहारिक रूप से समझाना है। कम लागत में तैयार होने वाली यह शिक्षण सामग्री शिक्षकों के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो रही है।

कला में भी बेमिसाल, जैन संतों के बनाए हूबहू स्केच
आकांक्षा की प्रतिभा केवल शिक्षण सामग्री तैयार करने तक सीमित नहीं है। चित्रकला में भी उनकी विशेष रुचि है।
उन्होंने श्रुत संवेगी मुनिश्री 108 आदित्य सागर जी महाराज एवं भारत गौरव गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्ति भूषण माताजी के हूबहू स्केच तैयार किए। इन स्केच को भेंट कर उन्होंने जैन संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। उनकी यह कला रचनात्मकता के साथ आध्यात्मिक श्रद्धा का भी सुंदर उदाहरण है।


सोशल मीडिया पर 5 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा हुनर
आकांक्षा के काम को सोशल मीडिया पर भी बड़ी पहचान मिली है। उनके यूट्यूब चैनल पर 60 हजार, फेसबुक पर 4.5 लाख और इंस्टाग्राम पर 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स जुड़े हुए हैं। वे वीडियो के माध्यम से देशभर के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक नए-नए टीएलएम एवं वर्किंग मॉडल बनाने की जानकारी पहुंचा रही हैं।

शिक्षा को आसान बनाना ही मकसद
आकांक्षा जैन का मानना है कि शिक्षा तभी प्रभावी होती है, जब बच्चा उसे देखकर, समझकर और स्वयं करके सीखता है। उनका प्रयास है कि संसाधनों की कमी किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बने। वे अपनी रचनात्मकता से यह संदेश दे रही हैं कि शिक्षा में नवाचार के लिए महंगे संसाधनों से ज्यादा जरूरी नई सोच और कुछ अलग करने का जुनून है।



जिसे लोग अनुपयोगी समझकर फेंक देते हैं, आकांक्षा उसी में बच्चों के भविष्य को संवारने की संभावनाएं तलाश लेती हैं। छोटी बिजौलियां की यह प्रतिभा शिक्षा, कला और नवाचार का ऐसा संगम प्रस्तुत कर रही है, जो दूसरों को भी कुछ नया करने की प्रेरणा देता है।

अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312
