एक घंटे के भक्तामर पाठ से देशभर में 400 शाखाओं तक पहुंचा शुभकामना परिवार, 50 नए संगठन भी जुड़े
कोटा में 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में स्वस्तिभूषण माताजी ने बताया भक्तामर स्तोत्र का महत्व, 2500 सदस्यों के माध्यम से धर्म के साथ सेवा कार्यों की अनूठी मिसाल
*कोटा।
* एक घंटे की धार्मिक साधना से शुरू हुआ संकल्प आज देशभर में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सेवा का बड़ा अभियान बन चुका है। भक्तामर स्तोत्र के नियमित पाठ को परिवारों की दिनचर्या से जोड़ने की पहल अब लगभग 400 शाखाओं और 2500 सदस्यों तक पहुंच गई है। शुभकामना परिवार की इसी प्रेरणादायी यात्रा का साक्षी बना कोटा का विज्ञान नगर, जहां रविवार को भारत गौरव गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी के पावन सानिध्य में 18वां राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित हुआ।
अधिवेशन में देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने संगठन की धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों का विवरण साझा किया। इस अवसर पर पिछले वर्ष की तुलना में शुभकामना परिवार से 50 नए संगठन जुड़ने की जानकारी भी दी गई। यह विस्तार संगठन की बढ़ती लोकप्रियता और परिवारों की धार्मिक गतिविधियों के प्रति रुचि को दर्शाता है।

**भक्तामर स्तोत्र से मिलता है सकारात्मक ऊर्जा का संचार : स्वस्तिभूषण माताजी**
अधिवेशन को संबोधित करते हुए स्वस्तिभूषण माताजी ने भक्तामर स्तोत्र के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भक्तामर स्तोत्र जैन धर्म का प्रसिद्ध संस्कृत स्तोत्र है। इसके नियमित पाठ से नकारात्मक विचार दूर होते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नियमित आराधना से मन को शांति और आत्मिक बल मिलता है।
**महिला मंडल के मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ**
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर के समाजसेवी हंसमुख जैन गांधी ने की। नवगठित स्वस्ति भक्तामर महिला मंडल, विज्ञान नगर ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। विभिन्न शहरों से आई शाखाओं ने बैनर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी गतिविधियों और सेवा कार्यों का परिचय दिया। संगठन का विवरण सुंदर जैन एवं विकास जैन, सहारनपुर ने प्रस्तुत किया।


**प्रतिभाओं को मिला सम्मान, प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता**
राष्ट्रीय अधिवेशन में आचार्य शांति सागर महाराज की छवि और स्लोगन प्रतियोगिता के साथ निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें अरुण जैन, सरस्वती कॉलोनी ने प्रथम, कुसुम जैन, आगरा ने द्वितीय तथा वंदना जैन, मालपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।




संगठन के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कोटा के अनिल जौर, डॉ. विजय रेखा (प्रतापगढ़, महाराष्ट्र) और आरती जैन (सागर) को उत्कृष्ट कार्यकर्ता सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार जखुमार कोठारी, भीलवाड़ा और रमा जैन, दिल्ली ने प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन प्रह्लाद हुस्सोर एवं यथार्थ पाटनी ने किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल डोरा ने संगठन की उपलब्धियों और विस्तार की जानकारी साझा की।
**धर्म के साथ जरूरतमंद परिवारों की सेवा भी बना उद्देश्य**
शुभकामना परिवार की विशेष पहचान केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। संगठन कोटा में प्रतिमाह 100 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध करवा रहा है। संगठन का प्रयास है कि धार्मिक और सामाजिक जुड़ाव के साथ जरूरतमंदों की सहायता का सिलसिला भी निरंतर जारी रहे।इसके लिए वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम और बस्तियों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का चयन किया जाता है।
**एक पाठ से शुरू हुआ अभियान बना राष्ट्रीय संगठन**
शुभकामना परिवार की यह यात्रा बताती है कि किसी बड़े परिवर्तन की शुरुआत एक छोटी-सी पहल से भी हो सकती है। भक्तामर स्तोत्र के एक घंटे के पाठ से शुरू हुआ यह अभियान आज देश के विभिन्न राज्यों में सैकड़ों शाखाओं के माध्यम से परिवारों को धर्म, संस्कार और सेवा से जोड़ रहा है। 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में सामने आई उपलब्धियां इस संगठन की निरंतर आगे बढ़ती यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312
