रात में जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, सुबह बैठक कर तीन दिन में सुधार के निर्देश
रामगंजमंडी।
जिला चिकित्सालय रामगंजमंडी की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला ने रात में जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर आज सुबह चिकित्सालय प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में साफ-सफाई की अव्यवस्था, कर्मचारियों की नाइट ड्यूटी में लापरवाही, टूटी हुई फ्लोरिंग सहित विभिन्न रखरखाव एवं मेंटेनेंस से जुड़ी कमियां सामने आईं।
इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष नरेंद्र काला ने संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सालय में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। रात्रि के समय भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलना सुनिश्चित किया जाए। साफ-सफाई, कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी तथा भवन के रखरखाव से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी कमियों को तीन दिवस के भीतर दूर करने की समयसीमा निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि तय समय में चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सुचारू की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा की जाएगी।




इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल, पार्षद राजेंद्र सोनी, चंदू सोनी, एडवोकेट विशाल जैन, लोकेश पवैचा, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल गर्ग, धीरज चेलावत, चंदन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रात में औचक निरीक्षण और सुबह बैठक कर दिए गए इन निर्देशों का उद्देश्य जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
