रामगंजमंडी में 63 करोड़ की लागत से बनने वाले जिला अस्पताल का हुआ शिलान्यास लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं कैबिनेट मंत्री श्री मदन दिलावर रहे उपस्थित
रामगंजमंडी।
रामगंजमंडी क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्षों से बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर की गरिमामयी उपस्थिति में 63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 200 बेड के अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में दोनों अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया तथा गेती-फावड़ा चलाकर अस्पताल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष श्री अखिलेश मेडतवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री शैलेश काला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर दोनों अतिथियों का 51 किलो के भव्य हार से स्वागत किया गया।

“रामगंजमंडी की धरती पर विकास का स्वर्णिम अध्याय लिखा गया” — मदन दिलावर
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं राजस्थान सरकार में शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी की गरिमामयी उपस्थिति में 63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रामगंजमंडी जिला अस्पताल के नवीन भवन के शिलान्यास का साक्षी बनना उनके लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है।



उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि आमजन को आधुनिक, सुलभ एवं उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

श्री दिलावर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं संकल्पित है। यह जिला अस्पताल क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए नई आशा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनेगा। उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया।

“200 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को देगा नई मजबूती” — ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि संसदीय क्षेत्र कोटा के रामगंजमंडी में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर के साथ जिला अस्पताल का शिलान्यास एवं भूमि पूजन करना गौरव का विषय है। 63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 200 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रामगंजमंडी क्षेत्र में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया है। सिंचाई, पेयजल, सड़क और कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
रामगंजमंडी की पहचान पर बोलते हुए श्री बिरला ने कहा कि यह क्षेत्र देश-दुनिया में अपने स्टोन और धनिया के लिए प्रसिद्ध है। प्रयास है कि रामगंजमंडी विकास और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नई पहचान स्थापित करे। आने वाले समय में हर खेत तक पानी, हर घर तक नियमित पेयजल, बेहतर सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, आधुनिक अस्पताल, तकनीकी शिक्षा संस्थान और खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संकल्प है कि रामगंजमंडी विकास के हर मानक पर राजस्थान के अग्रणी उपखंडों में शामिल हो, ताकि किसानों, युवाओं और आमजन को बेहतर अवसर मिल सकें तथा क्षेत्र विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे।
रिपोर्ट : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो. : 9929747312
