महेंद्र सामरिया बने रामगंज मंडी नगर पालिका के उपाध्यक्ष, 16 साल बाद पूरा हुआ 2010 का अधूरा सपना

राजनीति

महेंद्र सामरिया बने रामगंज मंडी नगर पालिका के उपाध्यक्ष, 16 साल बाद पूरा हुआ 2010 का अधूरा सपना

 

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद दंडवत परिक्रमा करते हुए पहुंचे गोवर्धन नाथ मंदिर, भगवान का लिया आशीर्वाद

 

रामगंज मंडी।

नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्वाचन के एक दिन बाद मंगलवार को रामगंज मंडी नगर पालिका को नया उपाध्यक्ष मिल गया। श्री महेंद्र सामरिया नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लिए जाने के बाद चुनाव प्रक्रिया में महेंद्र सामरिया के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हुआ।

निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद महेंद्र सामरिया ने अपने निर्वाचन को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए नगर पालिका से श्री गोवर्धन नाथ मंदिर तक दंडवत परिक्रमा की और मंदिर पहुंचकर गोवर्धन नाथ भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

 

भाजपा और बजरंग दल से रहा जुड़ाव

 

महेंद्र सामरिया लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं। इसके साथ ही वे बजरंग दल में भी प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में वे गिरिराज धरण कृपा मंडल से भी जुड़े हुए हैं और धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं।

 

2010 में एक वोट से रह गए थे पीछे, अब 16 साल बाद सपना हुआ साकार

 

महेंद्र सामरिया के नगर पालिका उपाध्यक्ष बनने के साथ ही उनके राजनीतिक सफर से जुड़ा एक रोचक और भावुक अध्याय भी पूरा हुआ। वर्ष 2010 में उन्होंने नगर पालिका उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय वे श्री महेश श्रीवास्तव से महज एक वोट के अंतर से चुनाव हार गए थे।

 

करीब 16 वर्ष बाद एक बार फिर उपाध्यक्ष पद के चुनावी मैदान में उतरे महेंद्र सामरिया ने इस बार निर्विरोध निर्वाचित होकर अपना पुराना अधूरा सपना पूरा कर लिया।

 

उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *