हर उम्र में बचपन को रखें जिंदा, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार हमारा परम कर्तव्य

राज्य

हर उम्र में बचपन को रखें जिंदा, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार हमारा परम कर्तव्य

आरोग्य भारती एवं गायत्री परिवार ने मनाया बाल दिवस, बचपन की मस्ती में लगाए ठहाके

रामगंजमंडी।

हर उम्र में अपने भीतर के बचपन को जिंदा रखना चाहिए। बच्चों की अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और संस्कारों की जिम्मेदारी हम सभी का परम कर्तव्य है। स्वस्थ, संस्कारित और जागरूक बच्चे ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र का भविष्य हैं।

इसी संदेश के साथ आज आरोग्य भारती एवं गायत्री परिवार की ओर से गायत्री शक्तिपीठ पर बाल दिवस मनाया गया। नियमित योग कक्षा के पश्चात आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों ने बचपन की यादें ताजा करते हुए बच्चों जैसी चंचल हरकतें कीं और खूब ठहाके लगाए। कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य, संस्कार और प्रसन्नचित्त जीवनशैली का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने कहा कि बचपन मनुष्य की सबसे खूबसूरत अवस्था है। उम्र को नहीं, उमंग को जीना चाहिए और अपने भीतर के बचपन को हमेशा जीवित रखना चाहिए। पद और उम्र के अहंकार को त्यागकर मन में ईर्ष्या, वैमनस्य और मनमुटाव की गांठें खोलनी चाहिए। योग के माध्यम से शरीर में लचीलापन और व्यवहार में नरमाई लाएं। बच्चों की तरह खिलखिलाएं और जीवन को खुलकर जीने का आनंद उठाएं।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गोविंद यादव ने कहा कि बचपन जीवन का सबसे प्यारा समय होता है। बच्चों में शुरू से ही व्यायाम की आदत विकसित करनी चाहिए तथा उन्हें अच्छे संस्कार देने चाहिए। बच्चों के खान-पान और पालन-पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, इससे उनका स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनती है। बच्चों की उत्तम शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास करना चाहिए, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं।

गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी पंकज कला ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह महाराज ने अपने चारों साहिबजादों को देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित किया। बाल दिवस के अवसर पर उन वीर बालकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करना चाहिए। हमें भी देश, धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध होकर तत्पर रहना चाहिए।

वरिष्ठ प्रबोधन रामचरण गुप्ता ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना हमारा परम कर्तव्य है। संस्कारवान पीढ़ी ही समाज को सही दिशा दे सकती है।

व्यापार संघ के पूर्व सचिव संजय सेठिया ने कहा कि उम्र 5 वर्ष हो या 55 वर्ष, अपने भीतर के बचपन को हमेशा जिंदा रखा जा सकता है, क्योंकि दिल तो बच्चा है जी।

वरिष्ठ प्रबोधन बाबूलाल मीणा ने कहा कि बच्चे भगवान का स्वरूप होते हैं, क्योंकि वे छल-कपट से दूर और निर्मल स्वभाव के होते हैं। हमें भी छल-कपट से दूर रहकर अपने स्वभाव को निर्मल बनाना चाहिए, जिससे जीवन में ईश्वरीय गुणों का विकास हो सके।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अमर भूतनी, कोटा स्टोन संगठन के उपाध्यक्ष दिनेश भाई डिस्को, गायत्री परिवार ट्रस्टी दिनेश खंडेलवाल, बहादुर सिंह जादौन, लक्ष्मी नारायण केजरीवाल, बनवारी लाल बेरवा, जगदीश मेवाड़ा, संतोष एवं शिव पोरवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

उम्र बढ़ने के साथ बचपन को न खोएं, योग अपनाएं, संस्कारों को जीवन में उतारें और हंसते-मुस्कराते हुए स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन जिएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *