नोएडा में 20 दिसंबर को सजेगा जैन प्रतिभाओं का सम्मान समारोह, देशभर के मेधावी छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित*

धर्म

*नोएडा में 20 दिसंबर को सजेगा जैन प्रतिभाओं का सम्मान समारोह, देशभर के मेधावी छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित*

 

*आचार्य ज्ञानसागर अखिल भारतीय जैन छात्र-छात्रा प्रतिभा सम्मान समारोह का 26वां आयोजन; युवा प्रेणता गणिनी आर्यिका आर्ष मति माताजी के सानिध्य में होंगे दो दिवसीय वृहद आयोजन*

 

नोएडा।

जैन समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करने तथा नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से आचार्य ज्ञानसागर अखिल भारतीय जैन छात्र-छात्रा प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह आगामी 19 एवं 20 दिसंबर 2026 को नोएडा के सेक्टर-74 स्थित वेडिंग क्राउन, सुपरटेक केपटाउन में आयोजित होगा।

 

कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील जैन मोना जनरेटर के अनुसार परम पूज्य आचार्य श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज की प्रेरणा एवं परम पूज्य आचार्य श्री 108 ज्ञेय सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा गणिनी आर्यिका श्री 105 आर्षमति माताजी (ससंघ) के मंगल मार्गदर्शन एवं सानिध्य में भव्य आयोजन होगा।

प्रवक्ता सोनू जैनने अवगत कराया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य जैन समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना है। प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार प्रदान करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।

समारोह में विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज की युवा पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सकेगी।

*दो दिवसीय आयोजन में होंगे विविध कार्यक्रम*

आयोजन का प्रारम्भ शनिवार, 19 दिसंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगी। इस दिन प्रातः 9 बजे से श्री भक्तामर महामंडल विधान एवं पूजन का कार्यक्रम होगा। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से करियर काउंसलिंग एवं सायंकाल 7 बजे से गुरुवर भक्ति एवं भजन संध्या का आयोजन होगा।

रविवार, 20 दिसंबर को प्रातः 9 बजे से धार्मिक विधान एवं पूजन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। प्रातः 11 बजे से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा तो सायंकाल 4 बजे से पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं को धर्म, साधना एवं आध्यात्मिक जीवन के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।

*धर्म, शिक्षा और संस्कारों का अनूठा संगम*

गणिनी आर्यिका आर्ष मति माताजी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिभा सम्मान का मंच नहीं, बल्कि धर्म एवं शिक्षा के समन्वय का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। वर्तमान समय में जहां युवा पीढ़ी के सामने शिक्षा, करियर और जीवन की अनेक चुनौतियां हैं, वहीं ऐसे आयोजन उन्हें अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। करियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनमें नैतिकता, संयम, विनम्रता एवं संस्कारों का संचार करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन के दौरान लकी ड्रॉ एवं अन्य आकर्षक गतिविधियां भी रखी गई हैं।अखिल भारतीय ज्ञानार्ष भक्त परिवार जैन समाज, नोएडा आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक तैयारियों में जुट गयी है।

प्रेषक:- संजय जैन बड़जात्या

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *