पुष्पगिरी तीर्थ में 7 नवंबर को होगा ‘हर मास, एक उपवास’ का 12वां महाआयोजन

धर्म

पुष्पगिरी तीर्थ में 7 नवंबर को होगा ‘हर मास, एक उपवास’ का 12वां महाआयोजन

पंडित विजय शंकर मेहता, सुलभ शांतु गुरुजी और आज तक के एंकर सईद अंसारी होंगे शामिल; दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव में तीन प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मिलेंगे 21 हजार तक के पुरस्कार

सोनकच्छ (मध्यप्रदेश)। धर्म, अध्यात्म, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से परम पूज्य अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागरजी महाराज की पावन प्रेरणा एवं पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य आचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागरजी महाराज के सानिध्य में संचालित ‘हर मास, एक उपवास’ महाअभियान का 12वां आयोजन 7 नवंबर 2026 को पुष्पगिरी तीर्थ, सोनकच्छ में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन में देश के प्रतिष्ठित वक्ता, आध्यात्मिक चिंतक और मीडिया जगत की जानी-मानी हस्तियां शामिल होकर अपने विचारों से उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन करेंगी।आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उज्जैन के हमारे हनुमान परिवार से परम पूज्य श्रद्धेय पंडित विजय शंकर मेहता तथा श्री करुणाश्रम सेवा न्यास, उज्जैन के परम पूज्य श्रद्धेय सुलभ शांतु गुरुजी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में आज तक के एक्जीक्यूटिव एडिटर एवं चर्चित एंकर श्री सईद अंसारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव में दिखेगी बच्चों और युवाओं की प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली के पावन अवसर पर माँ जिनवाणी पब्लिक स्कूल, पुष्पगिरी की ओर से ‘दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव’ का विशेष आयोजन भी किया जा रहा है। इसके तहत तीन आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ ऑनलाइन रील मेकिंग प्रतियोगिता शामिल हैं।

तीनों प्रतियोगिताओं में प्रत्येक के लिए प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं की विशेषता यह है कि इनमें सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी देश के विभिन्न स्थानों से भाग ले सकेंगे।

धर्म, संस्कार और स्वदेशी प्रतिभा को प्रोत्साहन

आयोजकों के अनुसार ‘हर मास, एक उपवास’ अभियान केवल उपवास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मसंयम, आत्मशुद्धि, अनुशासन और आध्यात्मिक जागरण की प्रेरणा देने वाला व्यापक अभियान है। वहीं दीपोत्सव प्रतिभा महोत्सव के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आमजन को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि इस महाआयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित करें। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, समाजजनों एवं आम नागरिकों से 7 नवंबर को पुष्पगिरी तीर्थ पहुंचकर धर्मलाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। प्रचार-प्रसार संयोजक रोमिल पाटणी (सोनकच्छ), नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल (औरंगाबाद) से प्राप्त जानकारी  संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *